ब्रिटेन के समाचार पत्र 'द टेलीग्राफ' से बातचीत के दौरान स्ट्रॉस ने कहा, "वॉन अगर लगातार रन बनाते हैं तब उनकी वापसी हमारे लिए बोनस सरीखी होगी। वह एक शानदार टेस्ट खिलाड़ी हैं। इसमें कोई शक नहीं कि उनकी वापसी से टीम का हौसला बढ़ेगा।"
स्ट्रॉस के मुताबिक वॉन को टेस्ट टीम से निकाला जाना दुर्भाग्यपूर्ण है लेकिन खराब फार्म से जू्झ रहे किसी खिलाड़ी के लिए तरोताजा होकर टीम में लौटना हमेशा से अच्छा रहा है।
बकौल कप्तान, "वॉन छह महीने से अधिक समय से टीम से दूर हैं। इस दौरान इंग्लैंड की टीम ने कई बदलाव देखे लेकिन एक स्तरीय खिलाड़ी होने के कारण वॉन के लिए टीम में अभी भी संभावना बरकरार है। उन्होंने कई मौकों पर टीम के लिए प्रेरणादायी प्रदर्शन किया है। उनकी वापसी से सबसे अधिक प्रसन्नता मुझे होगी।"
उल्लेखनीय है कि वॉन को एशेज श्रृंखला के लिए चुनी गई 27 सदस्यीय संभावित टीम में शामिल किया गया है। पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच टेस्ट पारियों में 40 रन बनाने के बाद उन्हें टीम से हटा दिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।