भारत के हाथ से फिसल सकती है 2010 के हॉकी विश्व कप की मेजबानी
अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के अध्यक्ष लियोनाड्रो नेगरे ने गुरुवार को पत्रकारों से कहा कि तय समय में चयनित महासंघ के गठन में नाकाम रहने के बाद इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी भारत से छीनकर मलेशिया को दे दी जाएगी।
नई दिल्ली में हॉकी विश्व कप आयोजन 7-20 मार्च, 2010 तक होना है। इसके बाद यहां राष्ट्रमंडल खेलों का भी आयोजन होना है।
नेगरे ने कहा कि भारतीय ओलंपिक समिति ने उन्हें बिल्कुल अलग तरह के भारतीय हॉकी महासंघ के गठन का भरोसा दिया है।
नेगरे ने कहा, "हम चाहते हैं कि भारतीय हॉकी महासंघ नए स्वरूप के साथ सामने आए लेकिन इसका गठन किसी भी हाल में विश्व कप से पहले करना होगा। अगर ऐसा नहीं हुआ तो विश्व कप की मेजबानी मलेशिया को दे दी जाएगी। एफआईएच इसे लेकर काफी गंभीर है।"
इधर, भारतीय ओलंपिक संघ ने कहा है कि वह 'हॉकी इंडिया' नाम से एक बिल्कुल अलग तरह की संस्था खड़ा करने की तैयारी कर रहा है, जिसके माध्यम से पुरुष और महिला हॉकी को साथ-साथ संचालित किया जाएगा।
भारत में हॉकी की देखरेख फिलहाल ओलंपिक समिति द्वारा गठित तदर्थ समिति के हाथ में है। पिछले साल अप्रैल में के.पी.एस. गिल की अध्यक्षता वाले भारतीय हॉकी महासंघ (आईएचएफ)को बर्खास्त किए जाने के बाद से तदर्थ समिति ही हॉकी से जुड़ा कामकाज देख रही है।
गिल अपनी बर्खास्तगी को लेकर दिल्ली उच्च न्यायालय की शरण में जा चुके हैं। इस संबंध में न्यायालय ने अपना फैसला नहीं सुनाया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications