पाकिस्तान के समाचार पत्र 'द न्यूज' के मुताबिक इंजमाम ने पीसीबी को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि पीसीबी को अब्दुर रज्जाक, राणा नवेद उल हसन और इमरान नजीर को संभावितों की सूची में शामिल करने के बाद अंतर्राष्ट्रीय दबाव के कारण बाहर निकालने जैसे ओछी हरकत नहीं करनी चाहिए थी।
इंजमाम ने कहा, "पीसीबी ने अंतर्राष्ट्रीय दबाव में आकर यह कदम उठाया है। उसे कम से कम यह सोचना चाहिए था कि वह जिन तीन खिलाड़ियों के साथ यह भद्दा मजाक कर रहा है, वे देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। कम से कम इसका सम्मान किया जाना चाहिए था। यह पीसीबी की गैरपेशेवर सोच है।"
उल्लेखनीय है कि पीसीबी ने मंगलवार को आईसीएल में खेल चुके तीन खिलाड़ियों को जून में इंग्लैंड में खेले वाले ट्वेंटी-20 विश्व कप के लिए चुनी गई संभावित टीम में शामिल किया था लेकिन बुधवार को उसने इन खिलाड़ियों का नाम सूची से हटा दिया।
पीसीबी के चयन प्रमुख अब्दुल कादिर ने कहा था कि रज्जाक, नवेद और नजीर को फिलहाल 'स्टैंडबाई' की सूची में रख दिया है। आईसीसी से इन खिलाड़ियों के खेलने के संबंध में हरी झंडी मिलने की कम संभावना दिखती है। आईसीसी इस संबंध में 17-18 अप्रैल को दुबई में होने वाली बैठक के दौरान अंतिम फैसला लेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।