वेबसाइट 'स्पोर्टिगलाइफ डॉट कॉम' के मुताबिक फ्लेमिंग की देखरेख में दक्षिण अफ्रीका पहुंच चुकी सुपर किंग्स टीम ने 18 अप्रैल से शुरू हो रहे टूर्नामेंट के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। फ्लेमिंग ने कहा कि इस बार उनकी टीम पिछले साल के खिताबी मुकाबले में की गई गलतियों को नहीं दोहराएगी।
टूर्नामेंट के पहले संस्करण में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान केपलर वेसेल्स की देखरेख में हिस्सा लेने वाली सुपर किंग्स टीम फाइनल में राजस्थान रॉयल्स टीम से हार गई थी।
फ्लेमिंग ने कहा, "कोचिंग मेरे लिए एक चुनौती की तरह है और मैं इसे पूरे आत्मविश्वास के साथ संभालना चाहता हूं। मैं जानता हूं कि मेरी टीम संतुलित है और खिलाड़ियों का मनोबल काफी ऊंचा है। इस लिहाज मैं अपनी टीम को दूसरे संस्करण का विजेता मान रहा हूं।"
फ्लेमिंग ने बताया कि 18 अप्रैल को होने वाले पहले मैच के लिए केपटाउन रवाना होने से पूर्व उनकी टीम डरबन में छह दिन के प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेगी। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी फिलहाल टीम के साथ नहीं हैं लेकिन दो-चार दिनों में वह भी दक्षिण अफ्रीका पहुंच जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।