गगन ने अधिकतम 600 में से 594 अंकों के साथ स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई थी। खिताबी दौर में उन्होंने 102.7 अंक हासिल किए। इस तरह वह कुल 696.7 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल करने में सफल रहे।
गगन ने कहा, "मैं अपने क्वालीफाईंग स्कोर 594 से संतुष्ट नहीं हूं। मैं इसमें और सुधार करना चाहता हूं। मेरे लिए कोरिया में शिरकत करना काफी उपयोगी रहा। कुल मिलाकर मैं इस बात से खुश हूं कि मैंने सत्र की शुरुआत पदक के साथ की है। आने वाले दिनों में मैं अपना प्रदर्शन सुधारने के लिए और मेहनत करुं गा।"
गगन ने कहा कि वह 2008 सत्र की तरह 2009 सत्र में विश्व रिकार्ड बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, "मैंने 2008 सत्र का समापन दो विश्व रिकार्डो के साथ किया था। अब जबकि नए सत्र की शुरुआत पदक के साथ हो गई है, मैं आशा करता हूं कि 2009 सत्र भी मेरे लिए अच्छे नतीजे लेकर आएगा।"
गगन के अलावा भारत का कोई और निशानेबाज अपने प्रदर्शन से प्रभावित नहीं कर सका। संजीव राजपूत जहां 695.4 (595+100.4) अंकों के साथ सातवें स्थान पर रहे वहीं पी.टी. रघुनाथ फाइनल में भी जगह नहीं बना सके। उन्होंने कुल 591 अंक हासिल किए।
चीन के झाओ क्वीनान और चाओ येफी की जोड़ी ने क्रमश: पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। क्वीनान ने कुल 700.3 (597+103.3) अंक हासिल किए जबकि येफी ने 698.6 (595+103.6) अंक जुटाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।