पाकिस्तान के समाचार पत्र 'द नेशन' से बातचीत के दौरान आलम ने कहा कि आस्ट्रेलिया के साथ 22 अप्रैल से खेली जाने वाली पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में अख्तर निसंदेह अच्छा प्रदर्शन करेंगे लेकिन इसे लेकर उन पर अतिरिक्त दबाव न डाला जाए तो बेहतर होगा।
आलम ने कहा, "हम अख्तर की फिटनेस को करीब से देख रहे हैं। पहले मैच से पता चल जाएगा कि आगामी श्रृंखला में वह हमारे लिए कितने कारगर साबित होंगे। इस लिहाज से उन पर बढ़िया खेलने को लेकर दबाव बनाना ठीक नहीं।"
आलम ने कहा कि आगामी श्रृंखला विश्व के दो प्रमुख तेज गेंदबाजों के लिए अहम होगी क्योंकि अख्तर के अलावा आस्ट्रेलिया के ब्रेट ली भी इसी श्रृंखला के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "ली और अख्तर के सामने खुद को साबित करने की चुनौती होगी। यह श्रृंखला इन दो तेज गेंदबाजों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होने जा रही है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।