लगभग 30 शौकिया क्रिकेटरों ने एवरेस्ट की तलहटी पर ट्वेंटी-20 मैच खेलने का कार्यक्रम रखा था। इसके लिए वे अपने 20 सदस्यीय सहयोगी दल के साथ अपने गंतव्य स्थल, 5165 मीटर ऊंचाई पर स्थित गोरख शेप पर्वत की ओर रवाना भी हो चुके थे लेकिन नेपाल सरकार के आदेश के बाद उन्हें इस क्षेत्र में प्रवेश की इजाजत नहीं मिली।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक क्रिकेटरों के दल को उस राष्ट्रीय वन्यजीव क्षेत्र की सीमा में प्रवेश करने से रोक दिया गया, जिसके बीच से गोरख शेप पर्वत की ओर जाने वाला रास्ता गुजरता है।
इस टीम ने सबसे पहले एवरेस्ट फतह करने वाले सर एडमंड हिलेरी और उनके सहयोगी तेनजिंग नोर्गे के नाम पर अपनी टीमों का नामकरण किया था। राष्ट्रीय पार्क में प्रवेश के लिए उन्हें सरकार की इजाजत की जरूरत थी लेकिन उन्हें इसकी इजाजत नहीं मिली।
नेपाल सरकार ने कहा है कि उसने स्थानीय लोगों की मांग पर क्रिकेटरों को एवरेस्ट की तलहटी के करीब पहुंचने से रोका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।