सोमवार को जारी डब्ल्यूटीए की ताजातरीन रैंकिंग में 22 वर्षीय सानिया अब 59वें स्थान पर पहुंच गई हैं। पिछले सप्ताह वह 68वें स्थान पर थीं।
सानिया-चुआंग की गैरवरीयता प्राप्त जोड़ी ने रविवार को खिताबी मुकाबले में अमेरिका की लिजा रेमंड और चेक गणराज्य की क्वेता पेश्चके को पराजित कर 220,000 डॉलर इनामी एमपीएस ग्रुप चैंपियनशिप के महिला वर्ग का युगल खिताब जीता।
सेमीफाइनल में अमेरिका की एंजेला हेनेस और लातविया की लिगा डेकमेजेरे को 6-4, 6-3 से पराजित करने वाली सानिया-चुआंग ने रेमंड और पेश्चके को 6-3, 4-6, 10-7 से हराया।
दूसरी ओर, उनकी जोड़ीदार चुआंग को भी तीन स्थान का फायदा हुआ है। चुआंग अब 14वें स्थान पर पहुंच गई हैं।
एकल रैंकिंग में सानिया को हालांकि कोई फायदा या नुकसान नहीं हुआ है। वह पिछले सप्ताह की तरह इस सप्ताह भी 100वें क्रम पर बरकरार हैं।
भारत के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त पुरुष खिलाड़ी सोमदेव देवबर्मन पुरुषों के एकल वरीयता क्रम में एक स्थान ऊपर चढ़कर 149वें क्रम पर पहुंच गए हैं जबकि प्रकाश अमृतराज को तीन स्थान का नुकसान उठाना पड़ा है। वह 192वें स्थान पर हैं।
पुरुषों के युगल वर्ग में लिएंडर पेस और महेश भूपति क्रमश: छठे और 10वें स्थान पर बरकरार हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।