जेपी ग्रुप द्वारा मंगलवार को आयोजित सम्मान समारोह के दौरान तेंदुलकर ने कहा, "धौनी एक संतुलित कप्तान के रूप में सामने आए हैं। मैं खुश हूं कि उन्होंने अपने आपको बहुत सलीके से तराशा है। वह हमेशा सतर्क रहने वाले एक संतुलित इंसान हैं।"
यह पूछे जाने पर कि क्या धौनी देश के सबसे अच्छे कप्तान हैं? तेंदुलकर ने कहा, "जब वह कप्तान नहीं थे, तब भी उनका दिमाग बहुत तेजी से काम करता था। वह काफी सुलझे हुए तरीके से सोचते हैं। उनके शब्दकोष में कठिन हालात के लिए जगह नहीं है। यह बहुत अच्छे लक्षण हैं।"
तेंदुलकर ने कहा कि युवा खिलाड़ियों से भरपूर टीम का हिस्सा बने रहकर वह काफी खुशी महसूस करते हैं। बकौल तेंदुलकर, "नए खिलाड़ी मेरे छोटे भाइयों की तरह हैं। मैं उनके साथ अपने अनुभव बांटकर खुशी महसूस करता हूं। मैं अपने युवा साथियों के लिए काफी कुछ करना चाहता हूं। हमारी टीम का माहौल शानदार है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।