नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय हॉकी टीम के कप्तान संदीप सिंह का कहना है कि वह अपनी टीम को विश्व की सर्वश्रेष्ठ टीम के तौर पर देखना चाहते हैं। भारतीय कप्तान मानते हैं कि अजलान शाह हॉकी टूर्नामेंट में खिताबी जीत इस ओर बढ़ाया गया एक सकारात्मक कदम है लेकिन सर्वश्रेष्ठ बनने के लिए उनके साथियों को अभी काफी लंबा रास्ता तय करना है।
मलेशिया से स्वदेश लौटने के बाद संदीप ने कहा कि उनकी टीम अजलान शाह कप को बहुत बड़ी सफलता के तौर पर नहीं ले रही है क्योंकि विश्व की सर्वश्रेष्ठ टीमों में स्थान बनाने के सफर में यह महज एक शुरुआत है।
संदीप के मुताबिक उनकी टीम का पहला लक्ष्य चैंपियंस ट्रॉफी में खेलने की योग्यता हासिल करना है और इसके लिए उसे किसी भी हाल में इस साल के अंत तक विश्व की शीर्ष-6 टीमों में स्थान बनाना होगा।
संदीप का मानना है कि विश्व कप और ओलंपिक जैसे शीर्ष आयोजनों में खेलने के लिए उनकी टीम को अपने प्रदर्शन की निरंतरता को बरकरार रखना होगा क्योंकि इन प्रतियोगिताओं में खेलने के लिए शीर्ष-6 में स्थान बनाए रखना अनिवार्य है।
आईएएनएस से बातचीत के दौरान संदीप ने कहा, "मलेशिया में मिली जीत से हमारा मनोबल बढ़ा है। हम इसे सकारात्मक रूप से ले रहे हैं और इसी के दम पर एशिया कप में अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे। एशिया कप में हमारे लिए चीन, पाकिस्तान, मलेशिया और दक्षिण कोरिया को हराना आसान नहीं होगा। इसके बाद हमें नई दिल्ली में अगले साल होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा।"
संदीप ने कहा कि अजलान शाह टूर्नामेंट के जरिए एक तरफ जहां भारतीय टीम का मजबूत पक्ष सामने आया है वहीं कई कमियां भी उजागर हुई हैं। कप्तान ने कहा कि आगे बढ़ने के लिए इन कमियों को दूर करना बेहद जरूरी है।
संदीप ने कहा, "हमें कई क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है। हमने ऐसे क्षेत्रों की पहचान कर ली है। हमारी टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा संयोजन है। आने वाले दिनों में हमारा ध्यान गलतियों को सुधारने पर ही रहेगा। हम अपनी गलतियों से सीखने के लिए तैयार हैं।"
इंडो-एशियन न्यू्ज सर्विस।
* *