ईसीबी ने बुधवार को इस संबंध में फैसला किया। ईसीबी के प्रबंध निदेशक हग मौरिस ने इसकी घोषणा की। फ्लावर के सामने टीम को मुश्किल दौर से निकालकर लगातार जीतने की स्थिति में लाने का महत्वपूर्ण कार्य सौंपा गया है।
मौरिस ने कहा, "मुझे खुशी है कि फ्लावर इस जिम्मेदारी को स्वीकार करने के लिए तैयार हुए। मैंने फ्लावर को कैरेबियाई दौरे में टीम के साथ काम करते देखा है। मेरा मानना है कि उनमें इंग्लैंड टीम का निदेशक बनने के सभी गुण हैं। मैं आशा करता हूं कि वह हमारे क्रिकेट को मुश्किल दौर से निकालकर सफलता की ओर ले जाएंगे।"
फ्लावर को ईसीबी से एक साल के लिए 250,000 डॉलर मिलेंगे। पीटर मूर्स के सहायक के तौर पर काम कर चुके फ्लावर को इस साल फरवरी में मूर्स की बर्खास्तगी के बाद अंतरिम कोच नियुक्त किया गया था।
ईसीबी के प्रबंध निदेशक हग मौरिस ने हाल ही में फ्लावर का साक्षात्कार लिया था। मौरिस ने संकेत दिए थे कि बुधवार तक कोच नियुक्त करने के संबंध में फैसला कर लिया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को संभालने के बाद फ्लावर ने कहा, "मेरे लिए यह सम्मान की बात है। मैं इंग्लैंड क्रिकेट के इतिहास के बारे में जानता हूं और यही कारण है कि मैं इस जिम्मेदारी की गंभीरता को भी समझता हूं। मैं टीम के साथ हर स्तर पर मेहनत के लिए तैयार हूं। मैं भी इस टीम को हमेशा जीतते देखना चाहता हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।