आस्ट्रेलिया के समाचार पत्र 'द आस्ट्रेलियन' से बातचीत के दौरान पोंटिंग ने कहा कि संयुक्त अरब अमीरात में पाकिस्तान के साथ खेली जाने वाली एकदिवसीय श्रृंखला में गैरमौजूद रहने का उन्हें अफसोस है लेकिन उन्हें भरोसा है कि माइकल क्लार्क के नेतृत्व में टीम शानदार प्रदर्शन करेगी।
पोंटिंग ने कहा, "काफी समय से मैं आराम की मांग कर रहा था। मैंने इस सत्र में कई बार एक या दो मैचों के लिए आराम किया लेकिन इससे बात नहीं बनी। मैं शारीरिक और मानसिक तौर पर थक गया हूं। आने वाले दिनों में हमें ट्वेंटी-20 विश्व कप और एशेज श्रृंखला में हिस्सा लेना है और इस लिहाज से तरोताजा रहना बहुत जरूरी है।"
क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने पोंटिंग के अलावा तेज गेंदबाज मिशेल जानसन, पीटर सिडल और धुरंधर बल्लेबाज माइकल हसी को पाकिस्तान के खिलाफ आराम दिया है। यह श्रृंखला 22 अप्रैल से सात मई तक खेली जानी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।