चेन्नई सुपर किंग्स के तरफ से विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल बिना कोई रन बनाए आउट हो गए वहीं सुरेश रैना 8 रन बनाकर आउट हो गए।
इससे पहले मुंबई इंडियंस की टीम ने कप्तान सचिन तेंदुलकर की अर्धशतकीय पारी (59) और बल्लेबाज अभिषेक नायर के शानदार 14 गेंदों पर 35 रनों की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 166 रनों का स्कोर खड़ा किया।
केपटाउन के न्यूलैंड्स क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स द्वारा टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद सलामी बल्लेबाजों सनत जयसूर्या और सचिन तेंदुलकर ने सधी हुई शुरुआत की। जयसूर्या 20 गेंदों पर 26 रन बनाकर थिलान तुशारा की गेंद पर हेडन के हाथों लपके गए। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके लगाए। शिखर धवन 22 रन (21 गेंद) बनाकर दूसरे बल्लेबाज के रूप में मनप्रीत गोनी की गेंद पर धौनी के हाथों लपके गए। उस समय टीम का स्कोर 82 रन था।
धवन के बाद खेलने आए जीन पॉल डुमिनी और ड्वेन ब्रावो भी कुछ खास नहीं कर सके और क्रमश: नौ और पांच के निजी स्कोर पर गोनी और जोगिंदर शर्मा को अपने विकेट दे बैठे।
चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ शुरुआती तेजी के बाद धीमे पड़ी मुंबई इंडियंस की टीम ने 11 वें ओवर में एक बार फिर रफ्तार पकड़ी।
ब्रावो के बाद मैदान पर उतरे अभिषेक नायर ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 14 गेंदों पर तीन छक्कों और दो चौकों की मदद से 35 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। एंड्रय फ्लिंटॉफ के एक ही ओवर में 22 रन बने जिसमें से 21 नायर ने बनाए। नायर को जैकब ओरम की गेंद पर तुशारा ने लपका।
इसके बाद बल्लेबाजी करने आए हरभजन सिंह और जहीर खान ने टीम के लिए कुछ खास योगदान नहीं कर पाए और क्रमश: पांच और दो रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। पारी की अंतिम गेंद पर कप्तान तेंदुलकर ने चौका जमाकर टीम का स्कोर 166 तक पहुंचाया।
आज सुबह हल्की बूंदाबांदी के कारण टॉस निर्धारित समय से 12 मिनट की देरी से हुआ। टॉस के बाद आईपीएल के कमिश्नर ललित मोदी ने टूर्नामेंट की शुरुआत की घोषणा की। टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन समारोह राजस्थान रॉयल्स और बेंगलुरू रॉयल चैलेंजर्स के बीच होने वाले दिन के दूसरे मैच के बाद होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।