बैंगलोर रॉयल चैलेंजर्स ने 10 ओवर की खेल की समाप्ति पर चार विकेट खोकर 57 रन बनाए हैं।
दमित्रि मास्कारेनहास ने अपने पहले ही ओवर में जेसी राइडर और रॉस टेलर को बिना खाता खोले पेवेलियन लौटा दिया। दमित्री ने राइडर को महेश रावत के हाथों कैच कराया जबकि टेलर को बोल्ड कर दिया। इसके बाद मैच के पांचवे ओवर में फिर रावत के हाथों कैच कराकर रॉबिन उत्थप्पा को चलता कर दिया।
इसके बाद नौवें ओवर में टॉयरॉन हेंडरसन ने कप्तान केविन पीटरसन को 32 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। पीटरसन का कैच नीरज पटेल ने लपका।
इससे पहले बैंगलोर रॉयल चैलेंजर्स के कप्तान केविन पीटरसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
इससे पूर्व आईपीएल के दूसरे संस्करण में शनिवार को पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला गया जिसमें मुंबई इंडियंस ने 19 रनों से चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को हरा दिया। मुंबई इंडियंस द्वारा पेश 167 रनों के लक्ष्य का पीछा करती हुए चेन्नई सुपर किंग्स की टीम सात विकेट खोकर 146 रन ही बना सकी।
चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल पहले ही ओवर में बिना कोई रन बनाए आउट हो गए। मलिंगा की गेंद पर सचिन तेंदुलकर ने उनका कैच लपका। तीसरे ओवर में ब्रावो की गेंद पर राजे ने कैच लपककर सुरेश रैना (8) को पेवेलियन लौटा दिया।
नौवें ओवर में हरभजन सिंह ने अपने ही गेंद पर कैच लपककर फ्लिंटाफ को 24 रन के निजी स्कोर पर आउट किया। 13वें ओवर में जयसूर्या की गेंद पर जहीर खान ने मैथ्यू हेडन का कैच लपका। उस वक्त का उनका निजी स्कोर 44 था। 14 वें ओवर में जैकब ओरम जयसूर्या की गेंद पर आठ रन बनाकर आउट हो गए। 16 ओवर में बद्रीनाथ भी बिना कोई रन बनाए मलिंगा की गेंद पर ब्रावो को कैच दे बैठे। कप्तान धौनी भी 20 वें ओवर में मलिंगा की गेंद पर बोल्ड हो गए।
इससे पहले मुंबई इंडियंस की टीम ने कप्तान सचिन तेंदुलकर की अर्धशतकीय पारी (59) और बल्लेबाज अभिषेक नायर के 14 गेंदों पर शानदार 35 रनों की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 166 रनों का स्कोर खड़ा किया।
केपटाउन के न्यूलैंड्स क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स द्वारा टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाजों सनत जयसूर्या और सचिन तेंदुलकर ने सधी हुई शुरुआत की। जयसूर्या 20 गेंदों पर 26 रन बनाकर थिलान तुशारा की गेंद पर हेडन के हाथों लपके गए। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके लगाए। शिखर धवन 22 रन (21 गेंद) बनाकर दूसरे बल्लेबाज के रूप में मनप्रीत गोनी की गेंद पर धौनी के हाथों लपके गए। उस समय टीम का स्कोर 82 रन था।
धवन के बाद खेलने आए जीन पॉल डुमिनी और ड्वेन ब्रावो भी कुछ खास नहीं कर सके और क्रमश: नौ और पांच के निजी स्कोर पर गोनी और जोगिंदर शर्मा को अपने विकेट दे बैठे।
चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ शुरुआती तेजी के बाद धीमे पड़ी मुंबई इंडियंस की टीम ने 11 वें ओवर में एक बार फिर रफ्तार पकड़ी।
ब्रावो के बाद मैदान पर उतरे अभिषेक नायर ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 14 गेंदों पर तीन छक्कों और दो चौकों की मदद से 35 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। एंड्रय फ्लिंटॉफ के एक ही ओवर में 22 रन बने जिसमें से 21 नायर ने बनाए। नायर को जैकब ओरम की गेंद पर तुशारा ने लपका।
इसके बाद बल्लेबाजी करने आए हरभजन सिंह और जहीर खान ने टीम के लिए कुछ खास योगदान नहीं कर पाए और क्रमश: पांच और दो रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। पारी की अंतिम गेंद पर कप्तान तेंदुलकर ने चौका जमाकर टीम का स्कोर 166 तक पहुंचाया।
आज सुबह हल्की बूंदाबांदी के कारण टॉस निर्धारित समय से 12 मिनट की देरी से हुआ। टॉस के बाद आईपीएल के कमिश्नर ललित मोदी ने टूर्नामेंट की शुरुआत की घोषणा की। टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन समारोह राजस्थान रॉयल्स और बेंगलुरू रॉयल चैलेंजर्स के बीच होने वाले दिन के दूसरे मैच के बाद होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।