राजस्थान के ओपनर बल्लेबाज स्वप्निल असनोडकर बिना खाता खोले पहले ही ओवर में आउट हो गए। इसके बाद तीसरे ओवर में ग्रीम स्मिथ दो रन बनाकर आउट हो गए। दोनों विकेट प्रवीण कुमार ने लिए। सातवें ओवर में राइडर ने नीरज पटेल का विकेट लिया। वह चार रन बनाकर आउट हुए। नौंवे ओवर में राइडर ने हेंडरसन (11) का विकेट लिया। इसी ओवर में दमित्रि बिना कोई रन बनाए रन आउट हो गए।
पहले बल्लेबाजी करते हुए बैंगलोर रॉयल चैलेंजर्स ने पूर्व चैपिंयन राजस्थान रॉयल्स के सामने 133 रनों का लक्ष्य दिया। बैंगलोर की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज राहुल द्रविड़ रहे। द्रविड़ ने 48 गेंदों पर 66 रन बनाए जिसमें आठ चौके और एक छक्का शामिल है।
केपटाउन के न्यूलैंड्स क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने शुरू से अपनी पकड़ मजबूत करते हुए बैंगलोर रॉयल चैलेंजर्स की लय बिगाड़ दी। बैंगलोर रॉयल चैलेंजर्स ने 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 133 रन बनाए।
राजस्थान के गेंदबाज दमित्रि मास्कारेनहास ने शुरुआती तीन विकेट लेकर बैंगलोर की कमर तोड़ दी। दमित्रि ने अपने पहले ही ओवर में जेसी राइडर और रॉस टेलर को बिना खाता खोले पेवेलियन लौटा दिया। दमित्री ने राइडर को महेश रावत के हाथों कैच कराया जबकि टेलर को बोल्ड कर दिया। इसके बाद मैच के पांचवे ओवर में रावत के हाथों कैच कराकर रॉबिन उत्थप्पा (3) को चलता कर दिया।
नौवें ओवर में टॉयरॉन हेंडरसन ने कप्तान केविन पीटरसन को 32 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। पीटरसन का कैच नीरज पटेल ने लपका।
फिरकी के जादूगर शेन वार्न ने 12 वें ओवर में विराट कोहली को 3 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया। इसके बाद वार्न ने 16वें ओवर में बाला अखिल को 9 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दिया।
आखिरी ओवर में मुनाफ पटेल ने दो विकेट झटके। प्रवीण कुमार को 8 रन के निजी स्कोर पर और राहुल द्रविड़ को 66 रन के निजी स्कोर आउट किया।
बैंगलोर रॉयल चैलेंजर्स के कप्तान केविन पीटरसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
इससे पूर्व आईपीएल के दूसरे संस्करण में शनिवार को पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला गया जिसमें मुंबई इंडियंस ने 19 रनों से चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को हरा दिया। मुंबई इंडियंस द्वारा पेश 167 रनों के लक्ष्य का पीछा करती हुए चेन्नई सुपर किंग्स की टीम सात विकेट खोकर 146 रन ही बना सकी।
चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल पहले ही ओवर में बिना कोई रन बनाए आउट हो गए। मलिंगा की गेंद पर सचिन तेंदुलकर ने उनका कैच लपका। तीसरे ओवर में ब्रावो की गेंद पर राजे ने कैच लपककर सुरेश रैना (8) को पेवेलियन लौटा दिया।
नौवें ओवर में हरभजन सिंह ने अपने ही गेंद पर कैच लपककर फ्लिंटाफ को 24 रन के निजी स्कोर पर आउट किया। 13वें ओवर में जयसूर्या की गेंद पर जहीर खान ने मैथ्यू हेडन का कैच लपका। उस वक्त का उनका निजी स्कोर 44 था। 14 वें ओवर में जैकब ओरम जयसूर्या की गेंद पर आठ रन बनाकर आउट हो गए। 16 ओवर में बद्रीनाथ भी बिना कोई रन बनाए मलिंगा की गेंद पर ब्रावो को कैच दे बैठे। कप्तान धौनी भी 20 वें ओवर में मलिंगा की गेंद पर बोल्ड हो गए।
इससे पहले मुंबई इंडियंस की टीम ने कप्तान सचिन तेंदुलकर की अर्धशतकीय पारी (59) और बल्लेबाज अभिषेक नायर के 14 गेंदों पर शानदार 35 रनों की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 166 रनों का स्कोर खड़ा किया।
केपटाउन के न्यूलैंड्स क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स द्वारा टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाजों सनत जयसूर्या और सचिन तेंदुलकर ने सधी हुई शुरुआत की। जयसूर्या 20 गेंदों पर 26 रन बनाकर थिलान तुशारा की गेंद पर हेडन के हाथों लपके गए। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके लगाए। शिखर धवन 22 रन (21 गेंद) बनाकर दूसरे बल्लेबाज के रूप में मनप्रीत गोनी की गेंद पर धौनी के हाथों लपके गए। उस समय टीम का स्कोर 82 रन था।
धवन के बाद खेलने आए जीन पॉल डुमिनी और ड्वेन ब्रावो भी कुछ खास नहीं कर सके और क्रमश: नौ और पांच के निजी स्कोर पर गोनी और जोगिंदर शर्मा को अपने विकेट दे बैठे।
चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ शुरुआती तेजी के बाद धीमे पड़ी मुंबई इंडियंस की टीम ने 11 वें ओवर में एक बार फिर रफ्तार पकड़ी।
ब्रावो के बाद मैदान पर उतरे अभिषेक नायर ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 14 गेंदों पर तीन छक्कों और दो चौकों की मदद से 35 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। एंड्रय फ्लिंटॉफ के एक ही ओवर में 22 रन बने जिसमें से 21 नायर ने बनाए। नायर को जैकब ओरम की गेंद पर तुशारा ने लपका।
इसके बाद बल्लेबाजी करने आए हरभजन सिंह और जहीर खान ने टीम के लिए कुछ खास योगदान नहीं कर पाए और क्रमश: पांच और दो रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। पारी की अंतिम गेंद पर कप्तान तेंदुलकर ने चौका जमाकर टीम का स्कोर 166 तक पहुंचाया।
आज सुबह हल्की बूंदाबांदी के कारण टॉस निर्धारित समय से 12 मिनट की देरी से हुआ। टॉस के बाद आईपीएल के कमिश्नर ललित मोदी ने टूर्नामेंट की शुरुआत की घोषणा की। टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन समारोह राजस्थान रॉयल्स और बेंगलुरू रॉयल चैलेंजर्स के बीच होने वाले दिन के दूसरे मैच के बाद होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।