वेबसाइट 'क्रिकइंफो डॉट कॉम' के अनुसार कुंबले ने कहा कि वह मुंबई इंडियंस टीम के कप्तान सचिन तेंदुलकर, बेंगलुरू रॉयल चैलेंजर्स टीम के अपने सहयोगी राहुल द्रविड़ और अपने प्रदर्शन को लेकर काफी खुश हैं। कुंबले ने कहा, "हमने भी साबित कर दिया है कि हम भी ट्वेंटी-20 मैचों में अपनी टीमों के लिए अतुलनीय योगदान दे सकते हैं।"
कुंबले ने कहा कि आमतौर पर यह माना जाता है कि उनके, तेंदुलकर और द्रविड़ जैसे वरिष्ठ खिलाड़ी ट्वेंटी-20 के लिहाज से फिट नहीं हैं लेकिन दूसरे संस्करण के पहले मैच के बाद साफ हो गया है कि 'भारतीय क्रिकेट के बूढ़े शेरों' के दिन अभी लदे नहीं हैं।
कुंबले ने कहा, "बेशक हम ट्वेंटी-20 के मिजाज के लिहाज से फिट नहीं बैठते हों लेकिन मुझे खुशी है कि हम तीनों ने अपनी उपयोगिता साबित की है। इससे साबित होता है कि हमारे दिन अभी लदे नहीं है। मैं द्रविड़ के प्रदर्शन से खासा प्रसन्न हूं क्योंकि कप्तानी खोने के बाद उन पर अच्छा खेलने का दबाव था।"
अपनी टीम की संभावनाओं को लेकर कुंबले ने कहा कि अगर जेसी राइडर, रॉस टेलर, केविन पीटरसन और रॉबिन उथप्पा जैसे तेज खेलने वाले बल्लेबाज सफल हो जाते हैं तो उनकी टीम विपक्षी टीम को बड़ा लक्ष्य दे सकती है।
कुंबले ने कहा, "हमारे पास कुछ स्तरीय बल्लेबाज हैं। अगर हमारे सभी बल्लेबाज अपनी क्षमता के साथ न्याय करने में सफल रहे तो हम विपक्षी टीम को बड़ा लक्ष्य दे सकते हैं। बल्लेबाजी हमारा मजबूत पक्ष है और इसी के दम पर हम अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।