यह पहला मौका है जब सफीना महिला टेनिस के शीर्ष पर पहुंची हैं। वह इस मुकाम पर पहुंचने वाली रूस की दूसरी खिलाड़ी हैं। इससे पहले मारिया शारापोवा शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी रह चुकी हैं।
सफीना के अलावा उनके बड़े भाई मरात साफिन भी विश्व वरीयता क्रम के शीर्ष पर पहुंच चुके हैं। साफिन 2000 में नौ सप्ताह के लिए सर्वोच्च कुर्सी पर बैठे थे। इस लिहाज से यह पहला मौका है, जब टेनिस खेलने वाले भाई-बहन विश्व वरीयता क्रम के पहले स्थान पर पहुंचे हैं।
अच्छी किस्मत वाली सफीना अपने खेल के बूते नहीं बल्कि अमेरिका की सेरेना विलियम्स की हार के बाद यह स्थान कब्जाने में सफल रहीं।
पिछले सप्ताह एंडालुसिया टेनिस एक्सपीरिएंस टूर्नामेंट में सेरेना की हार ने सफीना को सर्वोच्च वरीयता हासिल करने का मौका दिया।
सफीना ने पिछले एक साल में चार डब्ल्यूटीए एकल खिताब जीते हैं। वह मांट्रियल, लास एंजेलिस, बर्लिन और टोक्यो ओपन में खिताबी जीत हासिल कर चुकी हैं।
इसके अलावा वह डब्ल्यूटीए प्रतियोगिताओं में चार बार उपविजेता भी रही हैं। इस दौरान वह इस वर्ष आस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में भी पहुंच चुकी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।