आईपीएल : डेक्कन चार्जर्स की निगाह लगातार दूसरी जीत पर
डेक्कन चार्जर्स ने अपने पहले मुकाबले में हर्शेल गिब्स और रोहित शर्मा की चमकदार बल्लेबाजी की बदौलत कोलकाता नाइट राइर्ड्स को 8 विकेट से पराजित किया था। टीमों की तालिका में वह दूसरे स्थान पर मौजूद है। अंकों के लिहाज से वह दिल्ली डेयर डेविल्स की बराबरी पर है लेकिन कुल रन रेट के मामले में वह थोड़ा पीछे है।
जाहिर तौर पर गिलक्रिस्ट की यह टीम दूसरी जीत के साथ तालिका में पहले स्थान पर पहुंचना चाहेगी। इसके लिए उसे बल्लेबाजी में गिलक्रिस्ट के अलावा मुख्य रूप से गिब्स, रोहित शर्मा, वी.वी.एस. लक्ष्मण और स्कॉट स्टायरिस पर आश्रित रहना होगा जबकि गेंदबाजी में उसे फिडेल एडवर्ड्स, रुद्र प्रताप सिंह, हरमीत सिंह, प्रज्ञान ओझा और स्टायरिस से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
कोलकाता के खिलाफ डेक्कन चार्जर्स ने संतुलित प्रदर्शन के दम पर जीत हासिल की थी। उसे इसी प्रदर्शन को रॉयल चैलेंजर्स के खिलाफ भी जारी रखना होगा, जो एक जीत और एक हार के साथ तालिका में पांचवें स्थान पर है। टूर्नामेंट के पहले दिन राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करने वाली रॉयल चैलेंजर्स टीम को सोमवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शर्मनाक हार झेलनी पड़ी थी।
इसका कारण यह था कि पहले मैच में उसके जो खिलाड़ी अच्छी लय में दिखे थे, वे इस बार बुरी तरह नाकाम रहे। बल्लेबाजी में जहां केविन पीटरसन, राहुल द्रविड़, जैक्स कालिस और रोबिन उथप्पा को चमक दिखानी होगी वहीं गेंदबाजी में इस टीम को काफी मेहनत करने की जरूरत है क्योंकि सुपर किंग्स के खिलाफ उसका प्रदर्शन बेहद औसत रहा था।
सुपर किंग्स के गेंदबाजों ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जिस तरह का अनुशासित प्रदर्शन किया था, सोमवार को रॉयल चैलेंजर्स के खिलाफ उसकी परछाई भी नहीं दिखी। इस लिहाज से प्रदर्शन की अस्थिरिता उसे भारी पड़ सकती है क्योंकि गिलक्रिस्ट की कप्तानी में डेक्कन चार्जर्स के हौसले बुलंद हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications