टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी किंग्स इलेवन पंजाब टीम ने एक समय 48 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे लेकिन कप्तान युवराज सिंह, कुमार संगकारा, इरफान पठान और माहेला जयवर्धने की जुझारू पारियों की मदद से वह निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 158 रन बनाने में सफल रहा।
पठान ने 17 गेंदों का सामना करते हुए पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 32 रन बनाए जबकि संगकारा ने 24 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 26 रनों की नपी-तुली पारी खेली।
संगकारा ने 28 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 38 रन बनाने वाले कप्तान युवराज सिंह के साथ चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी निभाकर अपनी टीम को मुश्किल से उबारने का काम किया।
इसके बाद जयवर्धने ने ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए 19 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 31 रनों का योगदान दिया। अपनी पारी के पहले 10 ओवरों में 67 रन जुटाने वाली किंग्स इलेवन टीम ने अंतिम 10 ओवरों में 91 रन जुटाए।
कोलकाता की टीम की ओर से सौरव गांगुली ने सर्वाधिक दो विकेट लिए। गांगुली ने अपने पहले ही ओवर में पठान और रबि बोपारा (15) को चलता कर किंग्स इलेवन की कमर तोड़ दी थी। ईशांत शर्मा ने अपने चार ओवरों में किफायती गेंदबाजी करते हुए 24 रन देकर करण गोयल (0) का विकेट झटका।
दोनों ही टीमों को इस साल आईपीएल में पहली जीत का इंतजार है। नाइट राइर्ड्स की टीम रविवार को खेला गया अपना पहला मैच हार चुकी है। उसे डेक्कन चार्जर्स ने हराया था जबकि किंग्स इलेवन को भी रविवार को ही दिल्ली डेयर डेविल्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*