डेक्कन चार्जर्स ने हालांकि 46 रन के कुल योग पर अपने सलामी बल्लेबाज हर्शेल गिब्स का विकेट गंवा दिया लेकिन दूसरे छोर पर गिलक्रिस्ट के बल्ले का आग उगलना जारी है। गिब्स सात गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से 13 रन बनाकर प्रवीण कुमार की गेंद पर पगबाधा आउट करार दिए गए।
खबर लिखे जाने तक डेक्कन चार्जर्स ने पांच ओवर के खेल में एक विकेट के नुकसान पर 50 रन बना लिए थे। गिलक्रिस्ट 18 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 28 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि वी.वी.एस. लक्ष्मण दो रन बनाकर उनका साथ दे रहे थे।
इससे पहले, डेक्कन चार्जर्स ने आईपीएल के आठवें मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। डेक्कन चार्जर्स ने अपने पहले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइर्ड्स को हराया था। टीमों की तालिका में वह मुंबई इंडियंस और दिल्ली डेयर डेविल्स के बाद तीसरे स्थान पर मौजूद है।
दूसरी ओर, केविन पीटरसन की कप्तानी में खेल रही रॉयल चैलेंजर्स टीम एक जीत और एक हार के साथ तालिका में पांचवें स्थान पर है। टूर्नामेंट के पहले दिन राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करने वाली रॉयल चैलेंजर्स टीम को सोमवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शर्मनाक हार झेलनी पड़ी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*