टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 189 रन बनाए जबकि चेन्नई की टीम 20 ओवरों में 9 विकेट पर 180 रन ही बना सकी।
दिल्ली की टीम की यह लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले रविवार को खेले गए पहले मुकाबले में उसने किंग्स इलेवन पंजाब को 10 विकेट से पराजित किया था। चेन्नई की टीम को तीन मैचों में दो हार और एक जीत मिली है।
आईपीएल के दूसरे संस्करण के उद्घाटन मैच में चेन्नई की टीम को मुंबई इंडियंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था जबकि उसने अपने दूसरे मैच में बैंगलोर रॉयल चैलेंजर्स को बुरी तरह पराजित किया था।
दिल्ली की ओर से अब्राहम डिविलियर्स ने सर्वाधिक 105 रनों की पारी खेलते हुए आईपीेल के दूसरे संस्करण का पहला शतक जड़ा। इसके अलावा तिलकरत्ने दिलशान ने भी 50 रनों की तूफानी पारी खेली।
दक्षिण अफ्रीका के डिविलियर्स ने ने 54 गेंदों पर 105 रनों की नाबाद पारी खेली। उन्होंने अपनी 54 गेंदों की बेमिसाल पारी के दौरान पांच चौके लगाए जबकि उनके बल्ले से छह गगनचुंबी छक्के भी निकले।
डिविलियर्स ने पहले दिलशान, दिनेश कार्तिक और फिर मनोज तिवारी के साथ बहुमूल्य साझेदारी निभाकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। कार्तिक ने अपनी 16 गेंदों की पारी में दो चौके लगाए जबकि दिलशान ने अपनी 27 गेंदों की पारी में सात चौके और दो छक्के जड़े।
दिलशान ने आईपीएल का तीसरा तीव्र अर्धशतक जड़ा। उनका विकेट 76 रन के कुल योग पर गिरा। उन्हें मोर्कल ने सुरेश रैना के हाथों कैच आउट कराया। तिवारी ने नौ रन बनाए लेकिन उन्होंने डिविलियर्स के साथ 74 रनों की साझेदारी निभाई।
इस तरह टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 189 रन बनाकर सुपर किंग्स के सामने चुनौतीपूर्ण रखा।
जवाब में खेलने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स ने मैथ्यू हेडन (57) और सुरेश रैना (41) के तूफानी अर्धशतकों की मदद से 15 ओवर के खेल में चार विकेट खोकर 148 रन बना लिए थे लेकिन इसके बाद उसकी पारी लड़खड़ा गई।
हेडन ने अपनी 27 गेंदों की पारी में पांच चौके और तीन छक्के लगाए। उनका विकेट 90 रन के कुल योग पर गिरा था। हेडन ने आईपीएल का दूसरा सबसे तेज अर्धशतक लगाया। उन्होंने 22 गेंदों पर 50 रन पूरे किए। सुरेश रैना ने 27 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्का लगाया।
रैना और हेडन के आउट होने के बाद एंड्रयू फ्लिंटॉफ (16), कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (5), एस. बद्रीनाथ (7), जोगिंदर शर्मा (4) और मनप्रीत गोनी (6) ने निराश किया। इस तरह सुपर किंग्स टीम लक्ष्य से 9 रन दूर रह गई जबकि उसका एक विकेट हाथ में था।
दिल्ली की ओर से प्रदीप सांगवान ने तीन विकेट झटके जबकि डेनियल विटोरी को दो सफलता मिली। आशीष नेहरा ने भी एक विकेट अपने नाम किया। सुपर किंग्स के तीन बल्लेबाज रन आउट हुए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*