केपटाउन में सुबह से ही लगातार हो रही बारिश के कारण मैच विलंब से शुरू हुआ। इस मैच को भारतीय समयानुसार रात आठ बजे शुरू होना था लेकिन बारिश के कारण टॉस 8.45 बजे ही कराया जा सका।
डरबन में जहां चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली डेयर डेविल्स के बीच खेला गया दिन का पहला मैच बिना किसी परेशानी के समाप्त हो गया लेकिन केपटाउन में इंद्र देवता का कोप अभी भी जारी है। बारिश खत्म हो गई है लेकिन आसमान अभी भी बादलों से ढंका है। ऐसी स्थिति में आगे भी बारिश की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल के पहले संस्करण में खराब शुरुआत से उबरते हुए खिताबी जीत तक का सफर तय किया था। इस बार पहले मुकाबले में बेंगलुरू रॉयल चैलेंजर्स ने शेन वार्न की कप्तानी वाली इस टीम को शनिवार को करारी शिकस्त दी थी।
मंगलवार को मुंबई इंडियंस टीम के साथ खेला जाने वाला उसका दूसरा मुकाबला बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था। इस वजह से उसे एक अंक बेशक मिल गया, लेकिन मौजूदा चैंपियन होने के नाते खिताब बचाने के लिए उसे बाकी के मैचों में हर हाल में जीत हासिल करनी होगी।
उधर, पिछले मैच में किंग्स इलेवन पंजाब पर मिली जीत के बाद मैक्लम की कप्तानी में खेल रही नाइट राइर्ड्स टीम के हौसले बुलंद हैं। नाइट राइर्ड्स टीम पहले मुकाबले में डेक्कन चार्जर्स के हाथों मिली आठ विकेट की करारी शिकस्त से उबरते हुए जीत का खाता खोल चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*