नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। टेनिस आस्ट्रेलिया (टीए) ने सुरक्षा कारणों से चेन्नई में आठ से 10 मई को होने वाले डेविस कप मुकाबले के लिए अपनी टीम नहीं भेजने का फैसला किया है।
शनिवार को की गई इस घोषणा से उसकी टीम को डेविस कप से एक साल के लिए निलंबित किया जा सकता है और उसे 100,000 डॉलर का जुर्माना भी भरना पड़ सकता है।
टीए ने अंतर्राष्ट्रीय टेनिस संघ (आईटीएफ) बोर्ड से अपील की थी कि डेविस मुकाबला भारत से बाहर कराया जाए लेकिन बोर्ड ने उसकी अपील खारिज कर दी थी।
टीए के अध्यक्ष ज्योफ पोलार्ड ने एक बयान जारी कर कहा, "हमने डेविस कप को भारत से बाहर कराने का अनुरोध किया था क्योंकि वहां हम विशेषत: चुनाव के समय अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित थे।"
उन्होंने कहा, "आईटीएफ के फैसले से हमारे पास कोई विकल्प नहीं बचा है। हम अपनी टीम नहीं भेज सकते। जोखिम वाली जगहों पर अपने खिलाडियों को भेजना गैरजिम्मेदारी भरा कदम होगा।"
आस्ट्रेलिया की डेविस कप टीम के कप्तान जॉन फिट्जगेराल्ड ने कहा, "आईटीएफ का फैसला गैर जिम्मेदाराना है। निश्चित तौर पर खिलाड़ियों की सुरक्षा पर भी गौर करना चाहिए था।"
उधर, अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) के महासचिव अनिल खन्ना ने कहा, "आईटीएफ का निर्णय उम्मीदों के मुताबिक रहा और यह स्वागत योग्य है। मुकाबले के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और इसको लेकर आशंका की कोई जरूरत नहीं थी।"
इंडो-एशियन नयूज सर्विस।
*