टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डेक्कन चार्जर्स की टीम ने हर्शेल गिब्स (58) की अर्धशतकीय पारी और कप्तान एडम गिलक्रिस्ट (35) और डी. स्मिथ (35) की सधी हुई बल्लेबाजी की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए।
मुंबई इंडियंस की तरफ से डी. ब्रेवो और एल. मलिंगा ने सर्वाधिक तीन-तीन विकेट हासिल किए जबकि हरभजन सिंह और सनथ जयसूर्या को एक-एक विकेट से संतुष्ट करना पड़ा।
गिलक्रिस्ट ने हर्शेल गिब्स के साथ पारी की शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 63 रन जोड़े। गिलक्रिस्ट 20 गेंदों में तीन छक्कों और तीन चौकों की मदद से ताबड़तोड़ 35 रन बनाकर आउट हुए। गिब्स का साथ देने आए स्मिथ ने 22 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 35 रन बनाए। गिब्स और स्मिथ के बीच 61 रनों की साझेदारी हुई।
हर्शेल गिब्स एक छोर पर डटे हुए थे। वह 42 गेंदों पर दो छक्कों और छह चौकों की मदद से 56 रन बनाकर रन आउट हुए। गिलक्रिस्ट और स्मिथ के आउट होने के बाद डेक्कन चार्जर्स का कोई भी बल्लेबाज मैदान पर टिक नहीं सका।
रोहित शर्मा ने 3, वी. वी. एस. लक्ष्मण ने 0, वेणुगोपाल राव ने 9, रवि तेजा ने 9, रूद्रप्रताप सिंह 4 और ई. एडवर्डस् ने एक रन बनाया।
गौरतलब है कि डेक्कन चार्जर्स टूर्नामेंट में अब तक खेले गए अपने दोनों मैच जीतकर अंक तालिका में सबसे ऊपर बना हुआ है जबकि मुंबई इंडियंस ने एक मैच जीता है और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उसका दूसरा मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*