मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और जे. पी. ड्यूमिनी के बीच दूसरे विकेट के लिए हुई 82 रनों की साझेदारी के बाद मुंबई अच्छी स्थिति में दिख रही थी लेकिन प्रज्ञान ओझा ने घातक गेंदबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस को बैकफुट पर ला दिया।
मुंबई इंडियंस की तरफ से मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और सनथ जयसूर्या ने पारी की शुरुआत की। डेक्कन चार्जर्स के तेज गेंदबाज रूद्रप्रताप सिंह ने सनथ जयसूर्या का विकेट लेकर मुंबई इंडियंस को पहला झटका दिया। उन्होंने जयसूर्या को विकेटकीपर कप्तान एडम गिलक्रिस्ट के हाथों लपकवाया। जयसूर्या ने आठ गेंद पर महज एक रन बनाया।
जयसूर्या के आउट होने के बाद जे. पी. ड्यूमिनी तेंदुलकर का साथ देने आए। दोनों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए डेक्कन चार्जर्स की टीम को दबाव में ला दिया। तेंदुलकर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 27 गेंदों पर 36 और ड्यूमिनी चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 40 गेंदों पर 47 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद शिखर धवन भी जल्दी चलते बने। उन्होंने तीन रन बनाए।
इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डेक्कन चार्जर्स की टीम ने हर्शेल गिब्स (58) की अर्धशतकीय पारी और कप्तान एडम गिलक्रिस्ट (35) और डी. स्मिथ (35) की सधी हुई बल्लेबाजी की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए।
मुंबई इंडियंस की तरफ से डी. ब्रेवो और एल. मलिंगा ने सर्वाधिक तीन-तीन विकेट हासिल किए जबकि हरभजन सिंह और सनथ जयसूर्या को एक-एक विकेट से संतुष्ट करना पड़ा।
गिलक्रिस्ट ने हर्शेल गिब्स के साथ पारी की शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 63 रन जोड़े। गिलक्रिस्ट 20 गेंदों में तीन छक्कों और तीन चौकों की मदद से ताबड़तोड़ 35 रन बनाकर आउट हुए। गिब्स का साथ देने आए स्मिथ ने 22 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 35 रन बनाए। गिब्स और स्मिथ के बीच 61 रनों की साझेदारी हुई।
हर्शेल गिब्स एक छोर पर डटे हुए थे। वह 42 गेंदों पर दो छक्कों और छह चौकों की मदद से 56 रन बनाकर रन आउट हुए। गिलक्रिस्ट और स्मिथ के आउट होने के बाद डेक्कन चार्जर्स का कोई भी बल्लेबाज मैदान पर टिक नहीं सका।
रोहित शर्मा ने 3, वी. वी. एस. लक्ष्मण ने 0, वेणुगोपाल राव ने 9, रवि तेजा ने 9, रूद्रप्रताप सिंह 4 और ई. एडवर्डस् ने एक रन बनाया।
गौरतलब है कि डेक्कन चार्जर्स टूर्नामेंट में अब तक खेले गए अपने दोनों मैच जीतकर अंक तालिका में सबसे ऊपर बना हुआ है जबकि मुंबई इंडियंस ने एक मैच जीता है और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उसका दूसरा मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
*