वेबसाइट 'क्रिकइंफो डॉट कॉम' से बातचीत के दौरान ओरम ने कहा कि आज का प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खासतौर पर हरफनमौला खिलाड़ियों के लिए फिटनेस के लिहाज से काफी कठिन हो गया है।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेल रहे ओरम ने इंग्लैंड के हरफनमौला खिलाड़ी एंड्रयू फ्लिंटॉफ के ऑपरेशन के लिए स्वदेश लौटने की घटना को उदाहरण के तौर पर पेश करते हुए कहा कि आज की तारीख में हरफनमौला खिलाड़ियों को अपने करियर को 'लंबा' खींचने के लिए क्रिकेट के किसी एक स्वरूप से संन्यास लेना ही होगा क्योंकि उनके चोटिल होने की ज्यादा आशंका बनी रहती है।
ओरम ने कहा, "आज की व्यस्तता का सामना मैं नहीं कर सकता। मेरी उम्र 30 साल है और मैं कम से कम पांच साल और खेलते रहना चाहता हूं। इसके लिए मुझे क्रिकेट के किसी एक स्वरूप से अलग होना होगा। मैं पहले बल्लेबाजी या गेंदबाजी में से किसी एक को छोड़ने के बारे में विचार कर रहा था लेकिन अब मैं टेस्ट क्रिकेट को छोड़ने के बारे में गंभीर हो गया हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।