जोहांसबर्ग, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिकन प्रीमियर लीग (एपीएल) ट्वेंटी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता ने इंडियन क्रिकेट लीग (आईसीएल) के लिए खेल चुके दक्षिण अफ्रीका के कई बागी खिलाड़ियों को 'नया जन्म' दिया है।
निकी बोए, एंड्रयू हॉल और लांस क्लूजनर जैसे बागी खिलाड़ी इस साल अक्टूबर में न्यूयार्क में होने वाले इस टूर्नामेंट में खेलने के लिए हां कर चुके हैं।
आईसीएल के साथ संबंध जोड़ने के कारण अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने इन तीन खिलाड़ियों पर प्रतिबंध लगा रखा है। यह प्रतिबंध दो साल पहले लगाया गया था।
अमेरिकी क्रिकेट बोर्ड ने एपीएल को मान्यता दे दी है, इस लिहाज से एपीएल को आईसीसी से भी मान्यता मिल चुकी है क्योंकि अमेरिकी क्रिकेट बोर्ड आईसीसी से संबंद्ध संस्था है।
एक अनुमान के मुताबिक एपीएल में खेलने वाले दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों को कम से कम 20 लाख रैंड्स की कमाई होगी। इसमें इन खिलाड़ियों को उनकी टीमों द्वारा दी जाने वाली रकम नहीं जोड़ी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।