दूसरे ओवर में ही अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों का विकेट गंवाने वाली रॉयल चैलेंजर्स टीम ने चौथा विकेट रॉस टेलर (31) के रूप में गंवाया।
कप्तान केविन पीटरसन (37) के साथ तीसरे विकेट के लिए 62 रन जोड़ने वाले टेलर को अमित मिश्रा ने बोल्ड किया।
इससे पहले, रॉयल चैलेंजर्स ने 10वें ओवर में कप्तान पीटरसन का विकेट खोया था। पीटरसन ने अपनी 25 गेंदों की पारी में दो चौके और दो छक्के लगाए। उन्हें डेनियल विटोरी ने बोल्ड किया।
खबर लिखे जाने तक विराट कोहली 14 गेंदों पर एक चौके की मदद से 14 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज मार्क बाउचर ने 11 गेंदों पर 10 रन बनाए थे।
टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स टीम के सलामी बल्लेबाज जैक्स कालिस (0) और रोबिन उथप्पा (3) का विकेट 10 रन के कुल योग पर दूसरे ओवर में ही गंवा दिया था।
कालिस को डर्क नैन्स ने मैच की पहली गेंद पर ही बोल्ड किया जबकि उथप्पा को आशीष नेहरा ने प्रदीप सांगवान के हाथों कैच कराया।
आईपीएल के दूसरे संस्करण का यह 14वां और रविवार को खेला जा रहा पहला मुकाबला है। दिल्ली की टीम ने अब तक दो मैच खेले हैं। दोनों में उसकी जीत हुई है। वह चार अंकों के साथ आठ टीमों की तालिका में दूसरे स्थान पर है।
दूसरी ओर, रॉयल चैलेंजर्स टीम अपना पांचवां मैच खेल रही है। वह अब तक तीन मैच हार चुकी है जबकि एक में उसकी जीत हुई है। तालिका में वह दो अंकों के साथ आठवें स्थान पर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*