वेबसाइट 'क्रिकइंफो डॉट कॉम' के मुताबिक टीम प्रबंधन ने कोच जान बुकानन से सलाह करने के बाद यह फैसला लिया। चोपड़ा और बांगड़ के अलावा कई अन्य चोटिल खिलाड़ी सोमवार को ही स्वदेश के लिए उड़ान भरेंगे। प्रबंधन के मुताबिक चोपड़ा और बांगड़ टीम की रणनीति में फिट नहीं बैठ रहे हैं।
नाइट राइर्ड्स टीम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जॉय भट्टाचार्य ने कहा, "चोपड़ा और बांगड़ काफी वरिष्ठ खिलाड़ी हैं। कोच बुकानन ने कहा कि आने वाले मैचों में इन दोनों को मौका मिलना तय नहीं है, लिहाजा इन्हें बेवजह दक्षिण अफ्रीका में रोके रखना ठीक नहीं।"
चोपड़ा ने अपनी टीम के लिए दो मैच खेले लेकिन उन्हें एक मैच ही बल्लेबाजी करने का मौका मिला। उन्होंने अपने पहले मैच में 19 गेंदों पर 11 रन बनाए थे लेकिन बांगड़ अपने हाथ आए एक मौके पर कुछ खास नहीं कर सके। बांगड़ को राजस्थान रॉयल्स के साथ खेले गए मैच में मैदान में उतरने का मौका मिला था लेकिन वह सिर्फ दो रन ही बना सके।
चोपड़ा और बांगड़ के स्वदेश लौटने की स्थिति में दक्षिण अफ्रीका में मौजूद नाइट राइर्ड्स टीम में कुल खिलाड़ियों की संख्या 20 रह जाएगी। टीम प्रबंधन ने आईपीएल के दूसरे संस्करण के लिए कुल 54 खिलाड़ियों का चयन किया था लेकिन अब इस टीम में 11 भारतीय और नौ विदेशी खिलाड़ी रह गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।