खबर लिखे जाने तक डेयर डेविल्स टीम ने एक विकेट के नुकसान पर 39 रन बना लिए थे। सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने 16 गेंदों पर एक चौके की मदद से 15 रन बनाए थे जबकि तिलकरत्ने दिलशान आठ गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से 16 रन बनाकर खेल रहे थे।
इससे पहले, रॉयल चैलेंजर्स टीम ने आईपीएल के 14वें और दिन के पहले मुकाबले में कप्तान केविन पीटरसन (37), रॉस टेलर (31), मार्क बाउचर (36) और विराट कोहली (22) की उम्दा बल्लेबाजी की बदौलत डेयर डेविल्स के सामने 150 रनों का लक्ष्य रखा।
टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 149 रन बनाए। उसने 15 ओवर के खेल में चार विकेट गंवाकर 100 रन बनाए थे। कोहली और बाउचर ने पांचवें विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी कर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हालांकि इन दोनों के आउट होने के बाद रॉयल चैलेंजर्स ने जल्दी-जल्दी दो विकेट गंवा दिए।
कोहली ने अपनी 24 गेंदों की संतुलित पारी में एक चौका लगाया जबकि बाउचर ने अपनी छवि के अनुरूप तेजी से खेलते हुए 28 गेंदों पर दो चौके और दो छक्के लगाए। बी. अखिल चार गेंदों पर एक छक्के की मदद से आठ रन बनाकर नाबाद लौटे।
दूसरे ओवर में ही अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों का विकेट गंवाने वाली रॉयल चैलेंजर्स टीम ने चौथा विकेट रॉस टेलर (31) के रूप में गंवाया था। कप्तान केविन पीटरसन (37) के साथ तीसरे विकेट के लिए 62 रन जोड़ने वाले टेलर को अमित मिश्रा ने बोल्ड किया।
रॉयल चैलेंजर्स ने 10वें ओवर में कप्तान पीटरसन का विकेट खोया था। पीटरसन ने अपनी 25 गेंदों की पारी में दो चौके और दो छक्के लगाए। उन्हें डेनियल विटोरी ने बोल्ड किया। टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स टीम के सलामी बल्लेबाज जैक्स कालिस (0) और रोबिन उथप्पा (3) का विकेट 10 रन के कुल योग पर दूसरे ओवर में ही गंवा दिया था।
कालिस को डर्क नैन्स ने मैच की पहली गेंद पर ही बोल्ड किया जबकि उथप्पा को आशीष नेहरा ने प्रदीप सांगवान के हाथों कैच कराया।
दिल्ली की टीम ने अब तक दो मैच खेले हैं। दोनों में उसकी जीत हुई है। वह चार अंकों के साथ आठ टीमों की तालिका में दूसरे स्थान पर है। रॉयल चैलेंजर्स टीम अपना पांचवां मैच खेल रही है। वह अब तक तीन मैच हार चुकी है जबकि एक में उसकी जीत हुई है। तालिका में वह दो अंकों के साथ आठवें स्थान पर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*