पाकिस्तान के समाचार पत्र 'द नेशन' के मुताबिक इस संबंध में अंतिम रूप से विचार-विमर्श के लिए पीसीबी अध्यक्ष एजाज बट्ट जल्द ही न्यूजीलैंड, आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के क्रिकेट बोर्डो के शीर्ष अधिकारियों से मिलने वाले हैं।
पत्र ने पीसीबी के एक अधिकारी के हवाले से लिखा है, "हम जानते हैं कि आने वाले वर्षो में पाकिस्तान में क्रिकेट मैचों का आयोजन संभव नहीं, लिहाजा हम तटस्थ आयोजन स्थल की संभावना को बहुत गंभीरता से ले रहे हैं। इस संबंध में बहुत जल्द फैसला लिया जाएगा।"
पीसीबी अधिकारी ने कहा कि संभावित तटस्थ आयोजन स्थलों में दुबई, अबूधाबी, आयरलैंड, स्कॉटलैंड, इंग्लैंड और मलेशिया हो सकते हैं। इनमें से स्कॉटलैंड और आयरलैंड ने पाकिस्तान के टेस्ट मैचों का आयोजक बनने की इच्छा जाहिर की है।
इस फेहरिस्त में अबू धाबी और दुबई का नाम सबसे ऊपर है लेकिन पीसीबी को स्कॉटलैंड और आयरलैंड का प्रस्ताव भी काफी रोचक लग रहा है क्योंकि इन दोनों देशों ने मैचों के आयोजन में पीसीबी को विशेष रियायत देने की बात कही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।