टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी सुपर किंग्स टीम ने हालांकि अपना एक विकेट गंवा दिया है लेकिन मैथ्यू हेडन (नाबाद 33) और सुरैश रैना (नाबाद 18) की दमदार बल्लेबाजी के कारण वह संकट से उबर गई।
सुपर किंग्स को पहला झटका उस समय लगा जब सलामी बल्लेबाज पार्थिव पटेल (0) फिडेल एडवर्ड्स की गेंद पर विकेट के पीछे एडम गिलक्रिस्ट द्वारा लपक लिए गए।
खबर लिखे जाने तक हेडन 18 गेंदों पर सात चौके लगा चुके थे जबकि रैना अपनी 12 गेंदों की पारी में दो छक्के जड़ चुके थे।
शानदार फार्म में दिख रही डेक्कन चार्जर्स टीम ने अब तक खेले गए अपने तीनों मैच जीतकर पूरे छह अंक हासिल कर लिए हैं। आठ टीमों की तालिका में वह पहले स्थान पर है। दिल्ली डेयर डेविल्स टीम ने भी तीन मैचों से छह अंक जुटाए हैं लेकिन कुल रन रेट के मामले में वह डेक्कन चार्जर्स से पीछे है।
दूसरी ओर, चेन्नई सुपर किंग्स ने अब तक खेले गए चार मैचों से तीन अंक जुटाए हैं। उसे एक मैच में जीत मिली है जबकि दो बार उसे हार का सामना करना पड़ा है। एक मैच रद्द हो गया था।
सोमवार को डरबन में मौसम बिल्कुल साफ है। धूप खिली हुई है और तापमान सामान्य है। इस स्थिति में क्रिकेट के लिहाज से बिल्कुल उपयुक्त माहौल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।