सुपर किंग्स द्वारा तय 166 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए डेक्कन चार्जर्स टीम ने पांच ओवर के खेल में 66 रन बना लिए हैं।
खबर लिखे जाने तक कप्तान एडम गिलक्रिस्ट 18 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्को की मदद से 44 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि हर्शेल गिब्स ने 12 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 20 रन बनाए थे।
इससे पहले, टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए सुपर किंग्स टीम ने मैथ्यू हेडन (49), सुरैश रैना (25), कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (22) और जैकब ओरम (नाबाद 41) की उम्दा बल्लेबाजी की बदौलत निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाए।
हेडन ने अपनी 35 गेंदोंे की पारी में जहां आठ चौके लगाए वहीं रैना ने 19 गेंदो का सामना करते हुए एक चौके और दो छक्के जड़े।
कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने भी 22 गेंदों का सामना करते हुए एक चौका और एक छक्का लगाया। ओरम ने अपनी नाबाद पारी के दौरान 29 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके और दो छक्के लगाए। एल्बी मोर्कल ने 13 रनों को योगदान दिया जबकि एस. बद्रीनाथ ने आठ रन बनाए।
शानदार फार्म में दिख रही डेक्कन चार्जर्स टीम ने अब तक खेले गए अपने तीनों मैच जीतकर पूरे छह अंक हासिल कर लिए हैं। आठ टीमों की तालिका में वह पहले स्थान पर है। दिल्ली डेयर डेविल्स टीम ने भी तीन मैचों से छह अंक जुटाए हैं लेकिन कुल रन रेट के मामले में वह डेक्कन चार्जर्स से पीछे है।
दूसरी ओर, चेन्नई सुपर किंग्स ने अब तक खेले गए चार मैचों से तीन अंक जुटाए हैं। उसे एक मैच में जीत मिली है जबकि दो बार उसे हार का सामना करना पड़ा है। एक मैच रद्द हो गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।