डेक्कन चार्जर्स और चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला डरबन के किंग्समीड मैदान में खेला जाना है जबकि मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइर्ड्स की टीमें पोर्ट एलिजाबेथ के सेंट जॉर्ज्स पार्क स्टेडियम में भिड़ेंगी।
आस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट की कप्तानी में खेल रही डेक्कन चार्जर्स टीम ने अब तक खेले गए तीनों मैच जीतकर छह अंक हासिल किए हैं।
आठ टीमों की तालिका में वह पहले स्थान पर बनी हुई है और इसमें कोई दो राय नहीं कि गिलक्रिस्ट की टीम महेंद्र सिंह धौनी की टीम को हराकर अपनी लगातार चौथी जीत हासिल करना चाहेगी।
धौनी की टीम तालिका में तीसरे स्थान पर है। उसने चार मैच खेले हैं। एक में उसकी जीत हुई है जबकि दो में हार का सामना करना पड़ा है। एक मैच का परिणाम नहीं निकल सका था।
दूसरी ओर, सचिन तेंदुलकर की कप्तानी में खेल रही मुंबई इंडियंस टीम ने अब तक खेले गए तीन मुकाबलों से तीन अंक हासिल किए हैं। उसे एक मैच में हार मिली है जबकि एक में जीत। एक मैच रद्द हो गया था। यह टीम तालिका में बेहतर रन रेट के लिहाज से नाइट राइर्ड्स से ऊपर यानि चौथे स्थान पर है।
उधर, शाहरुख खान की टीम को काफी मुश्किलों से गुजरना पड़ रहा है। इस टीम ने अब तक चार मैच खेले हैं, जिसमें से सिर्फ एक में उसकी जीत हुई है जबकि दो में उसे हार का सामना करना पड़ा है। एक मैच रद्द कर दिया गया था। अंकों के मामले में यह टीम मुंबई की बराबरी पर है लेकिन रन रेट के आधार पर पिछड़ रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*