आस्ट्रेलिया के समाचार पत्र 'सिडनी मार्निग हेराल्ड' के मुताबिक ली को बुधवार को यूएई पहुंचने के लिए कहा गया है। इस श्रृंखला में आस्ट्रेलियाई टीम 2-1 की बढ़त बना चुकी है। चौथा मैच शुक्रवार को अबू धाबी के शेख जायेद स्टेडियम में खेल जाएगा।
ली को इस श्रृंखला के सभी मैचों के लिए टीम में शामिल किया गया था लेकिन क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) के चिकित्सकों की सलाह के बाद उन्हें यूएई जाने से रोक दिया गया था क्योंकि वह टखने की चोट से पूरी तरह उबर नहीं सके थे। ली ने जनवरी में अपने टखने का ऑपरेशन कराया था।
ली ने दक्षिण अफ्रीका में खेली गई एकदिवसीय श्रृंखला के दौरान टीम के साथ रहते हुए सुधार कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। टीम के चिकित्सक ट्रेफर जेम्स ने दक्षिण अफ्रीका और स्वेदश में ली की स्थिति का जायजा लिया था। लगभग दो सप्ताह इंतजार के बाद ट्रेफर ने ली को खेलने की हरी झंडी दे दी।
इंडो-एशियन न्यू्ज सर्विस।