आईपीएल: बैंगलोर की सधी शुरुआत, 40 रन बनाए (लीड-5)
जैक्स कालिस और श्रीवत्स गोस्वामी ने बैंगलौर की तरफ से पारी की शुरुआत की। कालिस ने एक छोर पर संभल कर खेला जबकि गोस्वामी ने तेजी से रन बटोरे और पहले पांच ओवर में बैंगलोर का स्कोर बगैर किसी नुकसान के 40 रन तक पहुंचा दिया। खबर लिखे जाने तक कालिस 7 रन बनाकर और गोस्वामी 28 रन बनाकर मैदान पर खेल रहे थे।
कोलकाता की तरफ से ईशांत शर्मा और अजीत अगरकर ने गेंदबाजी का मोर्चा संभाला। लेकिन दोनों गेंदबाज कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए।
इससे पहले नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 139 रन बनाए। कोलकाता की ओर से मॉर्न वान विक ने 35 गेंदों पर सर्वाधिक 43 रनों की नाबाद पारी खेली। सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल ने 37 गेंद पर 40 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने छह चौके जड़े। वृद्धिमान साहा 21 रन बनाकर आउट हुए।
कोलकाता की शुरुआत बेहद खराब रही। मैच की पहली ही गेंद पर रॉयल चैलेंजर्स की ओर से कप्तान पीटरसन ने स्ट्राइक गेंदबाज के रूप में कोलकाता के कप्तान मैकलम को विराट कोहली के हाथों कैच करवाया।
ब्रैड हॉज कुंबले की गेंद पर पगबाधा करार दिए गए। उन्होंने 17 रनों का योगदान दिया। इन दोनों के पेवेलियन लौटने के बाद नाइट राइडर्स के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली भी कोई खास करिश्मा नहीं कर पाए। वह महज एक रन बनाकर आउट हो गए।
बैंगलोर की ओर से अनिल कुंबले सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 16 रन देकर दो विकेट झटके। उनके अलावा रोल्फ वैन डेर मर्व, कप्तान केविन पीटरसन, प्रवीण कुमार और के. पी. अपन्ना ने एक-एक विकेट अपने नाम किए।
गौरतलब है कि नाइट राइडर्स तीन अंकों के साथ अंक तालिका में सातवें और रॉयल चैलेंजर्स दो अंकों के साथ आठवें पायदान पर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications