किंग्समीड के मैदान पर खेले जा रहे इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 139 रन बनाए थे।
जैक्स कालिस और श्रीवत्स गोस्वामी ने अपनी टीम को सधी हुई शुरूआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 69 रन जोड़े। 12वें ओवर की पहली गेंद पर कोलकाता को गोस्वामी के रूप में पहली सफलता मिली। 43 के निजी स्कोर पर ब्रेड हॉज ने उन्हें आउट किया। उन्होंने 46 गेंदों का सामना किया और छह चौके लगाए। गोस्वामी के आउट होने के बाद कालिस का साथ देने खुद कप्तान केविन पीटरसन आए।
13वें ओवर की चौथी गेंद पर कालिस भी चलते बने। ईशांत शर्मा ने उन्हें आउट किया। उन्होंने 25 गेंद पर दो चौकों की मदद से 23 रन बनाए। कालिस के आउट होने के बाद पीटरसन का साथ देने विराट कोहली मैदान में आए। खबर लिखे जाने तक पीटरसन और कोहली मैदान पर जमे हुए थे।
इससे पहले नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 139 रन बनाए। कोलकाता की ओर से मॉर्न वान विक ने 35 गेंद पर सर्वाधिक 43 रन की नाबाद पारी खेली। सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल ने 37 गेंद पर 40 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने छह चौके जड़े। वृद्धिमान साहा 21 रन बनाकर आउट हुए।
कोलकाता की शुरुआत बेहद खराब रही। मैच की पहली ही गेंद पर रॉयल चैलेंजर्स की ओर से कप्तान पीटरसन ने स्ट्राइक गेंदबाज के रूप में कोलकाता के कप्तान मैकलम को विराट कोहली के हाथों कैच करवाया।
ब्रैड हॉज कुंबले की गेंद पर पगबाधा करार दिए गए। उन्होंने 17 रन का योगदान दिया। इन दोनों के पेवेलियन लौटने के बाद नाइट राइडर्स के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली भी कोई खास करिश्मा नहीं कर पाए। वह महज एक रन बनाकर आउट हो गए।
बैंगलोर की ओर से अनिल कुंबले सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 16 रन देकर दो विकेट झटके। उनके अलावा रोल्फ वैन डेर मर्व, कप्तान केविन पीटरसन, प्रवीण कुमार और के. पी. अपन्ना ने एक-एक विकेट अपने नाम किए।
गौरतलब है कि नाइट राइडर्स तीन अंकों के साथ अंक तालिका में सातवें और रॉयल चैलेंजर्स दो अंकों के साथ आठवें पायदान पर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।