कोलकाता ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बैंगलोर के समक्ष जीत के लिए 140 रनों का लक्ष्य रखा था जिसे बैंगलौर की टीम ने पांच विकेट के नुकसान पर एक गेंद शेष रहते ही हासिल कर लिया।
20वें ओवर में बैंगलोर को जीत के लिए 10 रन बनाने थे और उसके पांच विकेट हाथ में थे। कोलकाता के कप्तान ब्रेंडन मैकलम ने क्रिस गेल को गेंद थमाई लेकिन वह अपनी टीम को हार से नहीं बचा पाए।
140 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जैक्स कालिस और श्रीवत्स गोस्वामी ने अपनी टीम को सधी हुई शुरूआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 69 रन जोड़े। 12वें ओवर की पहली गेंद पर कोलकाता को गोस्वामी के रूप में पहली सफलता मिली। 43 के निजी स्कोर पर ब्रेड हॉज ने उन्हें आउट किया। उन्होंने 46 गेंदों का सामना किया और छह चौके लगाए। गोस्वामी के आउट होने के बाद कालिस का साथ देने खुद कप्तान केविन पीटरसन आए।
13वें ओवर की चौथी गेंद पर कालिस भी चलते बने। ईशांत शर्मा ने उन्हें आउट किया। उन्होंने 25 गेंद पर दो चौकों की मदद से 23 रन बनाए। कालिस के आउट होने के बाद पीटरसन का साथ देने विराट कोहली मैदान में आए।
दोनों ही बल्लेबाज कुछ खास करिश्मा नहीं कर पाए। पीटरसन 13 के निजी स्कोर पर चलते बने जबकि कोहली ने 19 रन बनाए। अंतिम के ओवरों में विकेटकीपर बल्लेबाज मार्क बाऊचर ने तेजी से रन बटोरे। उन्होंने 13 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 25 रन बनाए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया।
इससे पहले नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 139 रन बनाए। कोलकाता की ओर से मॉर्न वान विक ने 35 गेंद पर सर्वाधिक 43 रन की नाबाद पारी खेली। सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल ने 37 गेंद पर 40 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने छह चौके जड़े। वृद्धिमान साहा 21 रन बनाकर आउट हुए।
कोलकाता की शुरुआत बेहद खराब रही। मैच की पहली ही गेंद पर रॉयल चैलेंजर्स की ओर से कप्तान पीटरसन ने स्ट्राइक गेंदबाज के रूप में कोलकाता के कप्तान मैकलम को विराट कोहली के हाथों कैच करवाया।
ब्रैड हॉज कुंबले की गेंद पर पगबाधा करार दिए गए। उन्होंने 17 रन का योगदान दिया। इन दोनों के पेवेलियन लौटने के बाद नाइट राइडर्स के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली भी कोई खास करिश्मा नहीं कर पाए। वह महज एक रन बनाकर आउट हो गए।
बैंगलोर की ओर से अनिल कुंबले सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 16 रन देकर दो विकेट झटके। उनके अलावा रोल्फ वैन डेर मर्व, कप्तान केविन पीटरसन, प्रवीण कुमार और के. पी. अपन्ना ने एक-एक विकेट अपने नाम किए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।