भारतीय समयानुसार शाम चार बजे से कोलकाता नाइट राइर्ड्स तथा बैंगलोर रॉयल चैलेंजर्स के बीच खेला जाने वाला मुकाबला आईपीएल का 19वां और रात आठ बजे से मुंबई इंडियंस तथा किंग्स इलेवन पंजाब की टीमों के बीच खेला जाने वाला मुकाबला 20वां मुकाबला होगा।
आठ टीमों की तालिका में नाइट राइर्ड्स टीम तीन अंकों के साथ सातवें स्थान पर है जबकि रॉयल चैलेंजर्स दो अंकों के साथ आठवें स्थान पर है। डेक्कन चार्जर्स अब तक खेले गए चारों मैच जीतकर आठ अंकों के साथ पहले और दिल्ली डेयर डेविल्स तीन जीत के साथ दूसरे स्थान पर है।
नाइट राइर्ड्स ने पांच मैच खेले हैं। उसे एक जीत मिली है जबकि उसे चार बार हार का सामना करना पड़ा है। राजस्थान रॉयल्स के साथ खेला गया उसका एक मुकाबला टाई रहा था लेकिन इसका नतीजा सुपर ओवर के जरिए निकाला गया था। रॉयल्स चैलेंजर्स टीम ने अब तक पांच मैच खेले हैं। उसे भी एक जीत मिली है जबकि चार बार हार का सामना करना पड़ा है।
दूसरी ओर, सचिन तेंदुलकर की कप्तानी में खेल रही मुंबई इंडियंस टीम चार मैचों में दो जीत और एक हार के साथ पांच अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। उसका एक मैच बारिश की वजह से रद्द कर दिया गया था। किंग्स इलेवन की टीम चार अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। किंग्स इलेवन को चार मैचों में दो जीत और इतनी ही हार मिली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*