कराची, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान यूनिस खान ने कहा है कि कप्तानी की वजह से शायद उनकी बल्लेबाजी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि आस्ट्रेलिया के साथ खेली जा रही सीरीज के बचे हुए दो मैचों में उनकी टीम वापसी करेगी।
दुबई और अबूधाबी में खेले गए मैचों में यूनिस पूरी तरह असफल रहे हैं। वह अबतक तीन मैचों में केवल 27 रन ही जोड़ पाए हैं। संयुक्त अरब अमीरात में आस्ट्रेलिया के साथ खेली जा रही पांच मैचों की सीरीज में पाकिस्तान 2-1 से पिछे है।
हालांकि फरवरी में कप्तानी संभालने के बाद यूनिस ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच में 313 रनों की शानदार पारी खेली थी। उस पारी के लिए उन्हें खूब सराहा गया था। यूनिस ने बुधवार को कहा, "हो सकता है कि कप्तानी की वजह से मेरी बल्लेबाजी प्रभावित हो रही हो लेकिन उम्मीद है मैं जल्द ही खोया हुआ फार्म वापस पा लूंगा।"
पाकिस्तानी बल्लेबाजी की रीढ़ कहे जाने वाले 31 वर्षीय यूनिस ने एक सवाल के जवाब में कहा, "शोएब मलिक और मिस्बाह पर पूरा भरोसा है और दोनों ही शादनार बल्लेबाज हैं और उन्हें बैठाना गलत होगा।"
गौरतलब है कि आस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच सयुक्त अरब अमीरात में पांच मैचों की क्रिकेट सीरीज खेली जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।