मुंबई की कसी हुई गेंदबाजी के समक्ष पंजाब का कोई भी बल्लेबाज न तो मैदान पर टिक सका और न ही बड़ी पारी खेल सका। सिर्फ एक छोर पर कुमार संगकारा पंजाब के लिए संघर्ष कर रहे थे। मैच के चौथे ओवर में एक छोर पर विकेट गिरने का जो सिलसिला आरंभ हुआ था वह लगातार अंतराल पर जारी है।
सलामी बल्लेबाज रवि बोपारा और करण गोयल ने पंजाब के लिए पारी की शुरुआत की। गोयल और बोपारा के रूप में 18 के योग पर ही पंजाब का क्रमश: पहला और दूसरा विकेट गिरा। गोयल ने 12 गेंद पर 12 रन बनाए जबकि बोपारा ने 14 गेंद पर छह रन बनाए।
दोनों सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद कप्तान युवराज सिंह और कुमार संगकारा ने मोर्चा संभाला लेकिन नौवें ओवर की तीसरी गेंद पर लंबा शॉट लगाने के चक्कर में युवराज जहीर खान को लांग ऑन बाउंड्री पर कैच थमा बैठे। स्पिन गेंदबाज जे. पी. ड्यूमिनी ने उन्हें आउट किया। युवराज ने 13 गेंद पर 10 रन बनाए।
युवराज के आउट होने के बाद माहेला जयवर्धने बल्लेबाजी करने आए। वह भी कुछ खास नहीं कर सके और 11वें ओवर की तीसरी गेंद पर चलते बने। उन्होंने नौ गेंद पर सात रन बनाए। उन्हें सनत जयसूर्या ने शिखर धवन के हाथों लपकवाया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए इरपुान पठान भी 15वें ओवर में चलते बने। उन्हें जहीर खान ने आउट किया।
खबर लिखे जाने तक संगकारा 30 गेंद पर 30 रन बनाकर मैदान पर संघर्ष कर रहे थे। उनका साथ देने आए विल्किन मोटा एक रन पर नाबाद थे।
मुंबई की तरफ से जहीर खान और लसिच मलिंगा ने गेंदबाजी का मोर्चा संभाला। दोनों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए पंजाब के सलामी बल्लेबाजों को बांधे रखा। मलिंगा ने अपने पहले ओवर में महज एक रन दिए।
तीसरे गेंदबाज के रूप में आए हरभजन सिंह ने अपने पहले ही ओवर में गोयल को स्टंप आउट कराया। अगले ही ओवर में चौथे गेंदबाज के रूप में आए ड्वेन ब्रावो ने बोपारा को सचिन तेंदुलकर के हाथों लपकवाया। नौवें ओवर में ड्यूमिनी की तीसरी गेंद पर युवराज भी चलते बने।
इससे पहले पंजाब के कप्तान युवराज सिंह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पंजाब ने अपनी टीम में एक बदलाव किया है। तेज गेंदबाज वी. आर. वी. सिंह के स्थान पर उसने विक्रमजीत मलिक को टीम अपनी में शामिल किया है जबकि मुंबई की टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।