कुमार संगकारा को छोड़ पंजाब का कोई भी बल्लेबाज न तो मैदान पर टिक सका और न ही बड़ी पारी खेल सका। मैच के चौथे ओवर में एक छोर पर विकेट गिरने का जो सिलसिला आरंभ हुआ था वह लगातार अंतराल पर अंत तक जारी रहा।
संगकारा ने अपनी टीम के लिए सर्वाधिक 45 रन बनाए। उन्होंने 44 गेंद का सामना किया और वह अंत तक नाबाद रहे। उनके अलावा सिर्फ एक ही बल्लेबाज दहाईं का आंकड़ा पार कर सका। सलामी बल्लेबाज करण गोयल ने 12 रन बनाए।
मुंबई की तरफ से लसिच मलिंगा ने दो और जहीर खान, हरभजन सिंह, जे. पी. ड्यूमिनी, सनत जयसूर्या और ड्वेन ब्रावो ने एक-एक विकेट लिए। पंजाब का एक खिलाड़ी रन आउट हुआ।
पंजाब के लिए सलामी बल्लेबाज रवि बोपारा और करण गोयल ने पंजाब के लिए पारी की शुरुआत की। गोयल और बोपारा के रूप में 18 के योग पर ही पंजाब का क्रमश: पहला और दूसरा विकेट गिरा। गोयल ने 12 गेंद पर 12 रन बनाए जबकि बोपारा ने 14 गेंद पर छह रन बनाए।
दोनों सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद कप्तान युवराज सिंह और कुमार संगकारा ने मोर्चा संभाला लेकिन नौवें ओवर की तीसरी गेंद पर लंबा शॉट लगाने के चक्कर में युवराज जहीर खान को लांग ऑन बाउंड्री पर कैच थमा बैठे। स्पिन गेंदबाज जे. पी. ड्यूमिनी ने उन्हें आउट किया। युवराज ने 13 गेंद पर 10 रन बनाए।
युवराज के आउट होने के बाद माहेला जयवर्धने बल्लेबाजी करने आए। वह भी कुछ खास नहीं कर सके और 11वें ओवर की तीसरी गेंद पर चलते बने। उन्होंने नौ गेंद पर सात रन बनाए। उन्हें सनत जयसूर्या ने शिखर धवन के हाथों लपकवाया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए इरफान पठान भी 15वें ओवर में चलते बने। उन्हें जहीर खान ने आउट किया।
इससे पहले पंजाब के कप्तान युवराज सिंह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पंजाब ने अपनी टीम में एक बदलाव किया है। तेज गेंदबाज वी. आर. वी. सिंह के स्थान पर उसने विक्रमजीत मलिक को टीम अपनी में शामिल किया है जबकि मुंबई की टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।