डरबन, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दूसरे संस्करण के 20वें मुकाबले में किंग्समीड के मैदान पर बुधवार को पंजाब किंग्स इलेवन और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए एक रोमांचक मैच में पंजाब ने मुंबई को तीन रनों से हरा दिया। कुमार संगकारा को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।
मैच के अंतिम ओवर में मुंबई को जीत के लिए 12 रनों की दरकार थी। पंजाब के कप्तान युवराज सिंह ने वाई. अब्दुल्ला को अंतिम ओवर में गेंद थमाई। कप्तान के भरोसे पर अब्दुल्ला पूरी तरह खरे उतरे। अंतिम ओवर में उन्होंने मात्र नौ रन ही दिए और अपनी टीम को तीन रनों की शानदार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
पंजाब द्वारा रखे गए 120 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की टीम शुरुआती झटकों के बाद संभलने में सफल रही लेकिन वह नाकाफी रही। निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर वह 116 रन ही बना सकी और जीत से महज चार रन दूर रह गई।
सचिन तेंदुलकर और सनत जयसूर्या सहित चोटी के चार विकेट सस्ते में गंवाने के बाद जे. पी. ड्यूमिनी की शानदार अर्धशतकीय पारी भी मुंबई को हार से नहीं बचा सकी। उन्होंने सर्वाधिक 59 रन बनाए। वह अंतिम ओवर की चौथी गेंद पर आउट हुए। उनके अलावा सिर्फ दो ही बल्लेबाज दहाईं का आंकड़ा पार कर सके। ड्वेन ब्रावो और अभिषेक नायर ने 15-15 रन बनाए।
मुंबई की तरफ से कप्तान सचिन तेंदुलकर और सनत जयसूर्या ने पारी की शुरुआत की। मैच के पहले ही ओवर में इरफान पठान ने जयसूर्या को युवराज सिंह के हाथों कैच लपकवाकर पवेलियन का रास्ता दिखाया। जयसूर्या अपना खाता भी नहीं खोल सके।
अगले ही ओवर में सचिन भी चलते बने। तेज गेंदबाज वी. आर. वी. सिंह के स्थान पर खेल रहे विक्रमजीत मलिक ने उन्हें अपना शिकार बनाया। सचिन छह गेंदों पर एक ही रन बना सके।
पांचवें ओवर में मुंबई को शिखर धवन के रूप में तीसरा और 10 वें ओवर में ड्वेन ब्रावो के रूप में चौथा झटका लगा। धवन को वाई. अब्दुल्ला ने पगबाधा आउट किया। वह सात गेंदों पर तीन ही रन बना सके। जबकि रमेश पोवार ने ब्रावो को विल्किन मोटा के हाथों लपकवाया। उन्होंने 20 गेंदों पर एक छक्के और एक चौके की मदद से 15 रन बनाए।
पंजाब की ओर से इरफान पठान और अब्दुल्ला ने दो-दो विकेट हासिल किए जबकि मलिक, पोवार और पीयूष चावला को एक-एक विकेट मिले।
इससे पहले पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 119 रन बनाए थे।
कुमार संगकारा को छोड़ पंजाब का कोई भी बल्लेबाज न तो मैदान पर टिक सका और न ही बड़ी पारी खेल सका। मैच के चौथे ओवर में एक छोर पर विकेट गिरने का जो सिलसिला आरंभ हुआ था वह लगातार अंतराल पर अंत तक जारी रहा।
संगकारा ने अपनी टीम के लिए सर्वाधिक 45 रन बनाए। उन्होंने 44 गेंदों का सामना किया और वह अंत तक नाबाद रहे। संगकारा को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। उनके अलावा सिर्फ एक ही बल्लेबाज दहाईं का आंकड़ा पार कर सका। सलामी बल्लेबाज करण गोयल ने 12 रन बनाए।
मुंबई की तरफ से लसिच मलिंगा ने दो और जहीर खान, हरभजन सिंह, जे. पी. ड्यूमिनी, सनत जयसूर्या और ड्वेन ब्रावो ने एक-एक विकेट लिए। पंजाब का एक खिलाड़ी रन आउट हुआ।
पंजाब के लिए सलामी बल्लेबाज रवि बोपारा और करण गोयल ने पंजाब के लिए पारी की शुरुआत की। गोयल और बोपारा के रूप में 18 के योग पर ही पंजाब का क्रमश: पहला और दूसरा विकेट गिरा। गोयल ने 12 गेंदों पर 12 रन बनाए जबकि बोपारा ने 14 गेंदों पर छह रन बनाए।
दोनों सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद कप्तान युवराज सिंह और कुमार संगकारा ने मोर्चा संभाला लेकिन नौवें ओवर की तीसरी गेंद पर लंबा शॉट लगाने के चक्कर में युवराज जहीर खान को लांग ऑन बाउंड्री पर कैच थमा बैठे। स्पिन गेंदबाज जे. पी. ड्यूमिनी ने उन्हें आउट किया। युवराज ने 13 गेंदों पर 10 रन बनाए।
युवराज के आउट होने के बाद माहेला जयवर्धने बल्लेबाजी करने आए। वह भी कुछ खास नहीं कर सके और 11वें ओवर की तीसरी गेंद पर चलते बने। उन्होंने नौ गेंदों पर सात रन बनाए। उन्हें सनत जयसूर्या ने शिखर धवन के हाथों लपकवाया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए इरफान पठान भी 15वें ओवर में चलते बने। उन्हें जहीर खान ने आउट किया।
इससे पहले पंजाब के कप्तान युवराज सिंह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पंजाब ने अपनी टीम में एक बदलाव किया है। तेज गेंदबाज वी. आर. वी. सिंह के स्थान पर उसने विक्रमजीत मलिक को टीम अपनी में शामिल किया है जबकि मुंबई की टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।