दिल्ली डेयर डेविल्स टीम के 143 रनों का मुकाबला करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की पारी शुरुआत में ही लड़खड़ा गई, जब उसके एक सलामी बल्लेबाज आर. क्वीनी महज 4 रन बनाकर आशीष नेहरा की गेंद पर पगबाधा होकर पैवेलियन लौट गए। उनके स्थान पर आए स्वप्निल असनोदकर भी कुछ खास नही कर सके और 11 बनाकर रनआउट हो गए। उनके आउट होने पर आए पॉल वालयाटी हैटी भी 1 रन बनाकर अमित मिश्रा की गेंद पर डेनियल विटोरी के हाथों लपक लिए गए।
हैटी के आउट होने के रवींद्र जडेजा 16 रनों के अपने निजी स्कोर पर मिश्रा की ही गेंद पर प्रदीप संगवान को अपना कैच थमा बैठे। उनकी जगह लेने आए शेन वार्न को मिश्रा ने शून्य के स्कोर पर दिनेश कार्तिक के हाथों स्टंप कराकर पैवेलियन की राह दिखाई।
विकेटों के इस पतझड़ के बीच उसके दूसरे बल्लेबाज सलामी जी. स्मिथ ही एक छोर पर मोर्चा संभाले रहे। पांच विकेट गिर जाने के बाद मैदान में आए यूसुफ पठान एक फिर धमाकेदार बल्लेबाज का प्रदर्शन करते हुए 30 गेंदों पर 6 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 62 बनाए और 18.3 ओवर में ही एक तरह से हारती हुई बाजी को जीत में तब्दील कर दिया।
इससे पहले दिल्ली डेयर डेविल्स टीम ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 143 रन बनाए। कप्तान वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, तिलकरत्ने दिलशान और दिनेश कार्तिक के विकेट गिरने के बाद उसके सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज बनकर उभरे अब्राहम डिविलियर्स ने 40 गेंदों पर पांच चौकों व एक छक्के की मदद से 50 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। उन्हें शेन वार्न ने पगबाधा आउट किया। इसके बाद डेनियल विटोरी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 29 रन बनाए। उन्होंने 28 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौके लगाए। मुनाफ पटेल ने उन्हें बोल्ड किया।
दिलशान ने 10 गेंदों पर सात रन बनाए जबकि कार्तिक चार रन ही बना सके। दिलशान का विकेट भी पटेल के खाते में गया। कार्तिक को शेन वार्न ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया।
इसी तरह, सहवाग 11 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 16 रन बनाकर दमित्री मास्कारेनहास की गेंद पर कामरान खान के हाथों लपके गए, जबकि आठ रन बनाने वाले गंभीर को मास्कारेनहास ने शेन वार्न के हाथों स्लिप में कैच कराया।
मिथुन मन्हास ने नाबाद रहते हुए 16 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से 23 रन बनाए, जबकि अमित मिश्रा को शून्य स्कोर पर कामरान खान ने बोल्ड कर दिया। प्रदीप संगवान ने एक गेंद पर एक रन बनाकर नाबाद रहे।
राजस्थान रॉयल्स की ओर से मास्कारेनहास, मुनाफ पटेल और शेन वार्न ने दो-दो विकेट लिए जबकि कामरान खान को एक विकेट मिला।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*