डेक्कन चार्जर्स को शुरुआती दो झटके डेयर डेविल्स टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज डिर्क नैन्स ने दिए। नैन्स ने पांच गेंदों पर दो चौकों की मदद से आठ रन बनाने वाले एडम गिलक्रिस्ट को विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच कराया। उस समय टीम का कुल योग आठ रन था।
कुल योग में अभी 11 रन जुड़े ही थे कि नैन्स ने बेहतरीन फार्म में चल रहे हर्शेल गिब्स को भी कैच आउट करा दिया। यह कैच अब्राहम डिविलियर्स ने शॉर्ट मिड ऑफ पर लपका। गिब्स खाता भी नहीं खोल सके।
इसके बाद बिलाखिया और रोहित ने पारी को संवारने का क्रम शुरू किया। दोनों कुल योग को 52 रनों तक ले गए लेकिन इसी स्कोर पर स्पिनर अमित मिश्रा ने रोहित को मिथुन मिन्हास के हाथों कैच कराकर डेक्कन चार्जर्स को बड़ा झटका दिया। रोहित ने 20 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 17 रन बनाए।
बिलाखिया का विकेट 55 रनों को कुल योग पर गिरा। उन्हें डेनियल विटोरी ने पगबाधा आउट कराया। बिलाखिया ने 27 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 22 रन बनाए।
खबर लिखे जाने तक डेक्कन चार्जर्स ने चार विकेट के नुकसान पर 55 रन बना लिए थे। टी.एस. सुमन दो रन बनाकर खेल रहे थे जबकि ड्वेन स्मिथ ने एक रन बनाए थे।
बेहतरीन फार्म में चल रही डेक्कन चार्जर्स टीम अब तक अपने चारों मैच जीतकर आठ अंकों के साथ आठ टीमों की तालिका में पहले स्थान पर है जबकि दिल्ली की टीम ने चार मैचों से छह अंक जुटाए हैं।
दिल्ली की टीम किंग्स इलेवन पंजाब टीम के बाद तालिका में तीसरे क्रम पर है। अंकों के मामले में वह किंग्स इलेवन की बराबरी पर है लेकिन कुल रन रेट के मामले में वह थोड़ी कमजोर है।
यह मैच जीतकर दिल्ली की टीम तालिका में दूसरा स्थान कब्जाना चाहेगी जबकि डेक्कन चार्जर्स का प्रयास अपनी लगातार पांचवीं जीत हासिल करने की होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।