Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

आईपीएल : डेयर डेविल्स को लगे 2 झटके (लीड-5)

सहवाग को रुद्र प्रताप सिंह ने कवर क्षेत्र में हर्शेल गिब्स के हाथों कैच कराया। सहवाग ने 11 गेंदों का सामना करते हुए चार चौकों की मदद से 20 रन बनाए। डिविलियर्स पांच रन बनाकर शोएब मोहम्मद की गेंद पर प्रज्ञान ओझा के हाथों लपके गए।

खबर लिखे जाने तक दिल्ली की टीम ने पांच ओवर की समाप्ति पर दो विकेट के नुकसान पर 36 रन बना लिए थे। गौतम गंभीर नौ रन बनाकर खेल रहे थे जबकि तिलकरत्ने दिलशान ने खाता नहीं खोला था।

इससे पहले, ड्वेन स्मिथ (48) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत डेक्कन चार्जर्स ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए खराब शुरुआत से उबरते हुए निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 148 रन बनाए।

स्मिथ के अलावा टी.एस. सुमन (23), अजहर बिलाखिया (22), रोहित शर्मा (17) और वेणुगोपाल राव (16) ने भी उपयोगी योगदान दिया। शुरुआती 10 ओवरों में मात्र 53 रन के कुल योग पर चार विकेट गंवाने वाली डेक्कन चार्जर्स टीम का 100 रनों के करीब भी पहुंचना मुश्किल लग रहा था लेकिन स्मिथ ने अपनी जोरदार पारी से उसे संभव बना दिया।

अपनी 28 गेंदों की पारी के दौरान पांच चौके और दो छक्के लगाने वाले स्मिथ ने सुमन के साथ छठे विकेट के लिए 65 रनों की बहुमूल्य साझेदारी निभाई। सुमन ने अपनी 14 गेंदों की पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया।

डेक्कन चार्जर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। उसने शुरुआती दो ओवरों में ही अपने सलामी बल्लेबाजों का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद 10 ओवर तक जाते-जाते उसने रोहित और बिलाखिया का भी विकेट गंवा दिया।

डेक्कन चार्जर्स को शुरुआती दो झटके डेयर डेविल्स टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज डिर्क नैन्स ने दिए। नैन्स ने पांच गेंदों पर दो चौकों की मदद से आठ रन बनाने वाले एडम गिलक्रिस्ट को विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच कराया। उस समय टीम का कुल योग आठ रन था। कुल योग में अभी 11 रन जुड़े ही थे कि नैन्स ने बेहतरीन फार्म में चल रहे हर्शेल गिब्स को भी कैच आउट करा दिया। यह कैच अब्राहम डिविलियर्स ने शॉर्ट मिड ऑफ पर लपका। गिब्स खाता भी नहीं खोल सके।

इसके बाद बिलाखिया और रोहित ने पारी को संवारने का क्रम शुरू किया। दोनों कुल योग को 52 रनों तक ले गए लेकिन इसी स्कोर पर स्पिनर अमित मिश्रा ने रोहित को मिथुन मिन्हास के हाथों कैच कराकर डेक्कन चार्जर्स को बड़ा झटका दिया। रोहित ने 20 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 17 रन बनाए। बिलाखिया का विकेट 55 रनों को कुल योग पर गिरा। उन्हें डेनियल विटोरी ने पगबाधा आउट कराया। बिलाखिया ने 27 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 22 रन बनाए।

दिल्ली की ओर से आशीष नेहरा और डिर्क नैन्स को दो-दो सफलता मिली। बेहतरीन फार्म में चल रही डेक्कन चार्जर्स टीम अब तक अपने चारों मैच जीतकर आठ अंकों के साथ आठ टीमों की तालिका में पहले स्थान पर है जबकि दिल्ली की टीम ने चार मैचों से छह अंक जुटाए हैं।

दिल्ली की टीम किंग्स इलेवन पंजाब टीम के बाद तालिका में तीसरे क्रम पर है। अंकों के मामले में वह किंग्स इलेवन की बराबरी पर है लेकिन कुल रन रेट के मामले में वह थोड़ी कमजोर है। यह मैच जीतकर दिल्ली की टीम तालिका में दूसरा स्थान कब्जाना चाहेगी जबकि डेक्कन चार्जर्स का प्रयास अपनी लगातार पांचवीं जीत हासिल करने की होगी।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:21 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+