For Quick Alerts
ALLOW NOTIFICATIONS  
For Daily Alerts

आईपीएल : कोलकाता की फिर एक हार, पंजाब ने मुंबई को रौंदा (राउंडअप)

By Staff

दिन के पहले मैच में बैंगलोर रॉयल चैलेंजर्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को पांच विकेट से हरा दिया। विकेटकीपर बल्लेबाज मार्क बाऊचर को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

कोलकाता ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बैंगलोर के समक्ष जीत के लिए 140 रनों का लक्ष्य रखा था जिसे बैंगलौर की टीम ने पांच विकेट के नुकसान पर एक गेंद शेष रहते ही हासिल कर लिया।

20वें ओवर में बैंगलोर को जीत के लिए 10 रन बनाने थे और उसके पांच विकेट हाथ में थे। कोलकाता के कप्तान ब्रेंडन मैकलम ने क्रिस गेल को गेंद थमाई लेकिन वह अपनी टीम को हार से नहीं बचा पाए।

140 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जैक्स कालिस और श्रीवत्स गोस्वामी ने अपनी टीम को सधी हुई शुरूआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 69 रन जोड़े। 12वें ओवर की पहली गेंद पर कोलकाता को गोस्वामी के रूप में पहली सफलता मिली। 43 के निजी स्कोर पर ब्रेड हॉज ने उन्हें आउट किया। उन्होंने 46 गेंदों का सामना किया और छह चौके लगाए। गोस्वामी के आउट होने के बाद कालिस का साथ देने खुद कप्तान केविन पीटरसन आए।

13वें ओवर की चौथी गेंद पर कालिस भी चलते बने। ईशांत शर्मा ने उन्हें आउट किया। उन्होंने 25 गेंद पर दो चौकों की मदद से 23 रन बनाए। अंतिम के ओवरों में विकेटकीपर बल्लेबाज मार्क बाऊचर ने तेजी से रन बटोरे। उन्होंने 13 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 25 रन बनाए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया।

इससे पहले नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 139 रन बनाए। कोलकाता की ओर से मॉर्न वान विक ने 35 गेंद पर सर्वाधिक 43 रन की नाबाद पारी खेली। सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल ने 37 गेंद पर 40 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने छह चौके जड़े। वृद्धिमान साहा 21 रन बनाकर आउट हुए।

बैंगलोर की ओर से अनिल कुंबले सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 16 रन देकर दो विकेट झटके। उनके अलावा रोल्फ वैन डेर मर्व, कप्तान केविन पीटरसन, प्रवीण कुमार और के. पी. अपन्ना ने एक-एक विकेट अपने नाम किए।

उधर दिन के दूसरे और आईपीएल के दूसरे संस्करण के 20वें मुकाबले में पंजाब किंग्स इलेवन और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए एक रोमांचक मैच में पंजाब ने मुंबई को तीन रनों से हरा दिया। कुमार संगकारा को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।

मैच के अंतिम ओवर में मुंबई को जीत के लिए 12 रनों की दरकार थी। पंजाब के कप्तान युवराज सिंह ने वाई. अब्दुल्ला को अंतिम ओवर में गेंद थमाई। कप्तान के भरोसे पर अब्दुल्ला पूरी तरह खरे उतरे। अंतिम ओवर में उन्होंने मात्र नौ रन ही दिए और अपनी टीम को तीन रनों की शानदार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

पंजाब द्वारा रखे गए 120 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की टीम शुरुआती झटकों के बाद संभलने में सफल रही लेकिन वह नाकाफी रही। निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर वह 116 रन ही बना सकी और जीत से महज चार रन दूर रह गई।

सचिन तेंदुलकर और सनत जयसूर्या सहित चोटी के चार विकेट सस्ते में गंवाने के बाद जे. पी. ड्यूमिनी की शानदार अर्धशतकीय पारी भी मुंबई को हार से नहीं बचा सकी। उन्होंने सर्वाधिक 59 रन बनाए। वह अंतिम ओवर की चौथी गेंद पर आउट हुए। उनके अलावा सिर्फ दो ही बल्लेबाज दहाईं का आंकड़ा पार कर सके। ड्वेन ब्रावो और अभिषेक नायर ने 15-15 रन बनाए।

पंजाब की ओर से इरफान पठान और अब्दुल्ला ने दो-दो विकेट हासिल किए जबकि मलिक, पोवार और पीयूष चावला को एक-एक विकेट मिले।

इससे पहले पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 119 रन बनाए थे।

कुमार संगकारा को छोड़ पंजाब का कोई भी बल्लेबाज न तो मैदान पर टिक सका और न ही बड़ी पारी खेल सका। मैच के चौथे ओवर में एक छोर पर विकेट गिरने का जो सिलसिला आरंभ हुआ था वह लगातार अंतराल पर अंत तक जारी रहा।

संगकारा ने अपनी टीम के लिए सर्वाधिक 45 रन बनाए। उन्होंने 44 गेंदों का सामना किया और वह अंत तक नाबाद रहे। संगकारा को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। उनके अलावा सिर्फ एक ही बल्लेबाज दहाईं का आंकड़ा पार कर सका। सलामी बल्लेबाज करण गोयल ने 12 रन बनाए।

मुंबई की तरफ से लसिच मलिंगा ने दो और जहीर खान, हरभजन सिंह, जे. पी. ड्यूमिनी, सनत जयसूर्या और ड्वेन ब्रावो ने एक-एक विकेट लिए। पंजाब का एक खिलाड़ी रन आउट हुआ।

पंजाब के कप्तान युवराज सिंह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पंजाब ने अपनी टीम में एक बदलाव किया। तेज गेंदबाज वी. आर. वी. सिंह के स्थान पर उसने विक्रमजीत मलिक को टीम अपनी में शामिल किया जबकि मुंबई की टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:21 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+