दिल्ली डेयर डेविल्स के लिए खेल रहे गंभीर आईपीएल के पांच मैचों से सिर्फ 56 रन बटोर सके हैं। हाल ही में न्यूजीलैंड के साथ खेली गई एकदिवसीय और टेस्ट श्रृंखला में अपने बल्ले के साथ धूम मचाने वाले गंभीर का औसत 14.00 रन है जबकि वह मात्र सात चौके लगा सके हैं।
दिल्ली की टीम तिलकरत्ने दिलशान, अब्राहम डिविलियर्स, दिनेश कार्तिक और डेनियल विटोरी के शानदार प्रदर्शन के बूते बेशक जीतती आ रही है लेकिन उसे अपने सलामी बल्लेबाजों का नाकाम होना बहुत खटक रहा है।
सहवाग ने पांच मैचों में 87 रन बनाए हैं। उनका प्रदर्शन गंभीर से थोड़ा बेहतर रहा है लेकिन वह भी अपनी छवि के साथ न्याय नहीं कर सके हैं। ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के उस्ताद माने जाने वाले सहवाग के बल्ले से एक भी अर्धशतक नहीं निकल सका है। उनका सर्वोच्च स्कोर 38 नाबाद रहा है।
सहवाग के बल्ले से 11 चौके और पांच छक्के जरूर निकले हैं लेकिन इस दौड़ में वह अपनी ही टीम के दिलशान और डिविलियर्स से काफी पीछे हैं।
दिलशान ने जहां पांच मैचों में 176 रन बनाए हैं वहीं डिविलियर्स के नाम इतने ही मैचों में 183 रन दर्ज हैं। दिलशान ने 17 चौके और सात छक्के लगाए हैं जबकि डिविलियर्स ने 11 चौके और सात छक्के जड़े हैं।
डिविलियर्स के नाम आईपीएल के दूसरे संस्करण का एकमात्र शतक दर्ज है। दिलशान तीन अर्धशतक लगा चुके हैं और खास बात यह है कि तीनों ही मौकों पर उनकी टीम जीती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।