मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइर्ड्स के बीच खेला जाने वाला मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम चार बजे से ईस्ट लंदन के बुफैलो पार्क मैदान पर खेला जाएगा जबकि किंग्स इलेवन पंजाब और बैंगलोर रॉयल चैलेंजर्स की टीमें डरबन के किंग्समीड मैदान पर रात आठ बजे आमने-सामने होंगी।
कोलकाता और बैंगलोर की टीमों ने दूसरे संस्करण में बेहद निराशाजनक प्रदर्शन किया है। बड़े मालिकों की ये महंगी टीमें विज्ञापन और बाजार के लिहाज से काफी आकर्षक रही हैं लेकिन इनके खेल में वह चमक नहीं दिखी है, जिसका दर्शकों को अब तक इंतजार है।
आठ टीमों की तालिका में बैंगलोर की टीम जहां छठे स्थान पर है वहीं कोलकाता सबसे नीचे है। कोलकाता के हिस्से छह मैचों में सिर्फ एक जीत आई है जबकि बैंगलोर की टीम को इतने ही मैचों में दो जीत मिली है।
कप्तान केविन पीटरसन के स्वदेश लौटने के बाद यह टीम नए कप्तान की देखरेख में खेलेगी। यह भी इस टीम के लिए एक समस्या है क्योंकि अब तक लय पाने में नाकाम रहने के कारण इसे कुछ नई तरह की परेशानियों से दो-चार होना पड़ सकता है।
दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच मैचों में दो जीत हासिल की है। दो मैचो में उसे हार भी मिली है लेकिन वक्त के साथ उसका प्रदर्शन निखरा है।
किंग्स इलेवन पंजाब की टीम शुरुआती मैचो में दुर्भाग्य का शिकार रही लेकिन बाद में उसने लय हासिल कर ली। इसी लय के दम पर उसने पांच मैचों में तीन जीत के साथ छह अंक जुटा लिए हैं। वह तालिका में तीसरे स्थान पर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*