पाकिस्तान के समाचार पत्र 'द न्यूज' से बातचीत के दौरान यूनुस ने कहा कि वह अपनी टीम के वरिष्ठ खिलाड़ियों के प्रदर्शन से निराश हैं। कप्तान ने कहा कि एक बहुत अच्छी टीम के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए सभी लोगों को बराबर जिम्मेदारी लेनी पड़ती है।
यूनुस ने कहा, "सारा दबाव कप्तान पर नहीं आना चाहिए। वरिष्ठ खिलाड़ियों को भी आगे आकर जिम्मेदारी लेनी चाहिए। मैं एक कप्तान हूं, हुक्मरान नहीं। अच्छा नहीं खेलने के कारण मैं अपने साथियों की 'डंडा परेड' नहीं करा सकता। यह मेरे वसूलों के खिलाफ है।"
यूनुस ने कहा कि पहला मैच हारने के बाद आस्ट्रेलियाई टीम बहुत ही सटीक रणनीति के साथ श्रृंखला कब्जाने में कामयाब रही लेकिन पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने अपने खराब खेल से बनी-बनाई रणनीति को भी चौपट कर दिया।
उन्होंने कहा, "हम श्रृंखला 1-3 से हार चुके हैं। मेरा मानना है कि हमारी रणनीति पहले मैच में ही सटीक साबित हुई थी। इसके बाद हम उसे भूल गए। दूसरी ओर, मेहमान टीम ने अपनी रणनीति को बिल्कुल सही तरीके से लागू किया। यह एक कला है। हमें भी इसे सीखना चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।